विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया:अनिल चमरिया
पर्यावरण दिवस पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी लायंस क्लब कटिहार द्वारा पेड़ लगाया गया। इस मौके पर उपाध्यक्ष लायन नरेश साह ने कहा कि हमारे पर्यावरण के बिना हमारे जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। ऐसे में लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरुकता फैलाने के उद्देश्य से हर साल 5 जून को पूरी दुनिया में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। पूर्व अध्यक्ष लायन अनिल चमरिया ने कहा कि साल 1972 में संयुक्त राष्ट्र संघ ने प्रदूषण पर स्टॉकहोम, स्वीडन में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहला पर्यावरण सम्मेलन आयोजित किया था। इसके बाद पहली बार 5 जून 1974 को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया था और इसके बाद हर साल इसे मनाया जा रहा है। पर्यावरण कमिटी चैयरपर्सन लायन प्रिया गुप्ता ने कहा कि सत्र 2021- 22 में 500 पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा गया था इसी कड़ी में आज वनवासी कल्याण छात्रावास में 10 फलदार पेड़ लगाए गए। उन्होंने कहा कि छात्रावास की छात्राओं के लिए अनाज का भी निःशुल्क वितरण किया गया। इस मौके पर उपस्थित पूर्व अध्यक्ष लायन संतोष गुप्ता, के साथ लायन पुरुषोत्तम मोदी ने बताया कि पर्यावरण को बचाने के लिए हमें प्लास्टिक या इससे बने थैले आदि का परित्याग करना पड़ेगा। पानी की बर्बादी रोकनी होगी। इस तरह छोटी छोटी बातों का ध्यान करके हम पर्यावरण की रक्षा कर सकते हैं। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद डॉ रंजना झा ने बच्चियों को स्वस्थ रहने के कई टिप्स दिए। वनवासी कल्याण छात्रावास के प्रबंध समिति के शोभा जायसवाल ने संस्था को बधाई दी। मौके पर समाजसेवी राजीव यादव के साथ कुंदन की भी भूमिका सराहनीय रही।