J&K से 145 श्रद्धालुओं का पहला जत्था हज के लिए रवाना, फारूक और उमर अब्दुल्ला ने दी बधाई
जम्मू-कश्मीर से 145 श्रद्धालुओं का पहला जत्था रविवार को हज यात्रा पर सऊदी अरब के लिए रवाना हुआ। कोरोना वायरस के चलते दो साल से हज यात्रा बंद थी। अधिकारियों ने कहा कि इस साल केंद्र शासित प्रदेश के करीब 6,000 श्रद्धालु यात्रा करने वाले हैं। अधिकारियों के अनुसार, पहले पांच दिन श्रीनगर हवाई अड्डे से जेद्दा हवाई अड्डे के लिए केवल एक सीधी उड़ान होगी, उसके बाद दो उड़ानें संचालित होंगी। जम्मू-कश्मीर हज कमेटी के कार्यकारी अधिकारी अब्दुल सलाम मीर ने मीडिया से कहा कि सभी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। सब कुछ सुचारू रूप से चल रहा है और श्रद्धालुओं को कोई समस्या नहीं होगी। उन्होंने कहा कि किसी भी श्रद्धालु की रिपोर्ट में covid-19 की पुष्टि नहीं हुई है।
कार्यकारी अधिकारी और भारत की हज कमेटी के सदस्य एजाज हुसैन ने सभी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि हज कमेटी और केंद्र शासित प्रदेश सरकार ने हजयात्रा के लिए सभी इंतजाम किए हैं। उन्होंने कहा कि हमने इस साल श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं में सुधार करने की कोशिश की है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए श्रद्धालुओं से बातचीत की।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.