राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द लखनऊ विधानभवन पहुंचे
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के अपने चार दिवसीय दौरे के चौथे और अंतिम दिन राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द विधान भवन में सोमवार को उत्तर प्रदेश विधान मंडल के संयुक्त सदन को संबोधित करेंगे। इसका आयोजन आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष पर किया जा रहा है।विधान भवन के मंडप में सुबह 11 बजे शुरू होने वाले इस विशेष सत्र को राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द के अलावा राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव भी संबोधित करेंगे।राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द न सिर्फ उत्तर प्रदेश के निवासी हैं बल्कि देश में विधायिका के शीर्ष अधिष्ठान संसद के अभिन्न अंग भी हैं। उत्तर प्रदेश विधानमंडल का भी गौरवशाली अतीत रहा है। देश की स्वतंत्रता के 75वें वर्ष में मनाए जा रहे आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अतीत की उपलब्धियों का पुनरावलोकन करने के साथ ही अगले 25 वर्षों के लिए कार्ययोजना तैयार करने का आह्वान किया है। अपने संबोधन में राष्ट्रपति दोनों सदनों के सदस्यों का मार्गदर्शन करेंगे। इस विशेष सत्र में विधान सभा तथा विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष समेत सभी सदस्य शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश विधानमंडल के इस एतिहासिक तथा गौरवशाली क्षण के लिए लखनऊ रविवार से ही तैयार है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.