पूर्वी चंपारण एसपी द्वारा मासिक अपराध गोष्ठी पुलिस कार्यालय स्थित सभा कक्ष में आयोजित की गई
मोतीहारी: पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष की अध्यक्षता में आज जिले में मासिक अपराध गोष्ठी की शुरुआत में पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी महत्वपूर्ण आदेश/दिशानिर्देश के अनुपालन की समीक्षा की गयी। पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थानाध्यक्षों को महत्वपूर्ण एवं जघन्य अपराधों में नवीनतम फोरेंसिक तकनीक जैसे फिंगरप्रिंट, डीएनए आदि की मदद लेने का निर्देश दिया गया।पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के सभी महत्वपूर्ण व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, वित्तीय संस्थानों, ई कॉमर्स गोदामों इत्यादि की सुरक्षा के लिए सभी उपस्थित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया कि थाना स्तर पर होने वाली गश्ती, वाहन चेकिंग, इत्यादि में किसी भी तरह की लापरवाही बिलकुल भी नहीं होनी चाहिए। पुलिस अधीक्षक द्वारा ऑपरेशन प्रहार के तहत वज्रा टीम द्वारा की जाने वाली गिरफ्तारियों में बढ़ोतरी तथा थाना द्वारा सुदृढ़ समन्वय बनाने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थानों में अपराध के मुख्य शीर्षों में हुई गिरफ्तारियों की समीक्षा की गयी। सभी थानाध्यक्षों को मानविक और तकनीकी आसूचना की मदद से गिरफ्तारियों को और बढ़ाने का निर्देश दिया गया।मासिक अपराध गोष्ठी में उपस्थित लोक अभियोजक, विशेष लोक अभियोजक (पॉक्सो) एवं प्रभारी डीपीओ द्वारा अभियोजन से संबंधित बिंदुओं को गोष्ठी में रखा गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित सभी पुलिस पदाधिकारियों से अभियोजन हित में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। अपराध गोष्ठी में अपराध के मुख्य शीर्षों यथा हत्या, लूट, डकैती, गृहभेदन, पॉक्सो, एससी/एसटी अत्याचार, आदि के मामलों की कांडवार समीक्षा की गयी एवं पुलिस अधीक्षक ने अनुसंधान तथा कांड के निष्पादन के लिए महत्वपूर्ण निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने लंबित कांडों के निष्पादन हेतु सभी एसडीपीओ एवं अंचल निरीक्षकों को लक्ष्यबद्ध अभियान चलाकर इसका अनुश्रवण करने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी उपस्थित सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपराध नियंत्रण एवं निवारण, जनशिकायतों का समाधान, मद्यनिषेध का क्रियान्वयन, यातायात प्रबंधन, इत्यादि के लिए प्रभावी विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए मासिक अपराध गोष्ठी का समापन किया गया।