राष्ट्रपति चुनावः नामांकन दाखिल करने के लिए द्रौपदी मुर्मू दिल्ली पहुंची, एयरपोर्ट पर बीजेपी नेताओं ने किया स्वागत
नई दिल्ली. राष्ट्रपति पद के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को दिल्ली पहुंच गईं। दिल्ली एयरपोर्ट पर उनके पहुंचने के बाद बीजेपी के कई नेताओं ने उनका स्वागत किया। इनमें केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत, अर्जुन मुंडा और अर्जुन राम मेघवाल, राष्ट्रीय महामंत्री भाजपा तरुण चुग, दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष आदेश गुप्ता, सांसद मनोज तिवारी, रमेश बिधूड़ी, विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी आदि शामिल थे। बता दें, द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति चुनाव के लिए 24 जून को अपना नामांकन दाखिल करेंगी। मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है। विपक्षी उम्मीदवार के रूप में यशवंत सिन्हा 27 जून को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया जारी है। 29 जून नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है. मतदान 18 जुलाई को होना है। वोटों की गिनती 21 जुलाई को होगी। इसी बीच, बीजेपी सांसद मनोज तिवारी तब हैरत में पड़ गए, जब द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें देखते ही कहा- आप को तो मैं टीवी पर देखती रहती हूं। इससे पहले, मनोज तिवारी ने उनका स्वागत करते हुए अपना परिचय दिया था। इससे पहले द्रौपदी मुर्मू सभी दलों से उनका साथ देने की अपील भी करेंगी। 20 जून 1958 को ओडिशा में एक साधारण संथाल आदिवासी परिवार में जन्मीं द्रौपदी मुर्मू ने 1997 में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। वह 1997 में ओडिशा के रायरंगपुर में जिला बोर्ड की पार्षद चुनी गई थीं। राजनीति में आने के पहले वह श्री अरविंदो इंटीग्रल एजुकेशन एंड रिसर्च, रायरंगपुर में मानद सहायक शिक्षक और सिंचाई विभाग में कनिष्ठ सहायक के रूप में काम कर चुकी है। वह ओडिशा में दो बार विधायक रह चुकी हैं और उन्हें नवीन पटनायक सरकार में मंत्री पद पर भी काम करने का मौका मिला था। उस समय बीजू जनता दल और बीजेपी के गठबंधन की सरकार थी। ओडिशा विधानसभा ने द्रौपदी मुर्मू को सर्वश्रेष्ठ विधायक के लिए नीलकंठ पुरस्कार से भी नवाजा था।