बढ़ते अपराध पर बिफरे जाप सुप्रीमों, सत्ताधारी चंपारण को बनाना चाहते हैं अपराधियों का यूनिवर्सिटी
मंदिर के पुजारी की हत्या की खबर सुनकर पहुंचे उनके घर, मोतिहारी में गोली से जख्मी व्यवसाई का भी जाना हाल
मोतिहारी । पूर्वी चंपारण जिले के कुंडवा चैनपुर में मंदिर के पुजारी सुरेश मस्तान की निर्मम हत्या के बाद आज जाप सुप्रीमो सह पूर्व सांसद पप्पू यादव पूर्वी चंपारण पहुंचे। जहां मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में घायल दवा व्यवसाई मनीष कुमार से मुलाकात कर हालचाल जाना। बता दें कि अज्ञात अपराधियों के द्वारा दवा व्यवसाई मनीष कुमार को गोली मार कर घायल कर दिया गया था। जिसको लेकर पप्पू यादव ने कहा कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इसको लेकर एसपी से लेकर मुख्यमंत्री तक बात करूंगा और न्याय दिला कर रहूंगा।
इसके बाद जाप सुप्रीमो पप्पू यादव कुंडवा चैनपुर पहुंचकर मृतक मंदिर के पुजारी सुरेश मस्तान के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
श्री यादव ने सरकार से मांग किया कि मृतक के परिवार को बीस लाख रुपया मुआवजा मिले, एक सदस्य को सरकारी नौकरी, हत्यारों को आजीवन कारावास एवं मृतक के परिजनों की सुरक्षा की गारंटी सरकार लें। अन्यथा आगे आंदोलन की रुपरेखा तैयार की जायेगी।
जाप सुप्रीमो पप्पू यादव ने घोड़ासहन स्थित जाप के प्रदेश महासचिव अभिजीत सिंह के निवास पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चंपारण क्राईम का यूनिवर्सिटी बनता जा रहा है। पप्पू यादव ने कहा कि चम्पारण के घटनाओं में ज्यादातर सत्ताधारी नेता की संलिप्तता है। जिसके कारण आए दिन आपराधिक घटनाएं होती है। यहां के सांसदों व विधायकों की संपत्ति की जांच होनी चाहिये। लेकिन सरकार का इस विषय पर कोई ध्यान नही दे रही है।
चम्पारण में अपराधियों का मनोबल बहुत हीं बढ़ा हुआ है। पप्पू यादव ने आगे कहा कि एक समय चम्पारण बापू के नाम से जाना जाता था। आज वहीं चम्पारण अपराधियों का विश्वविद्यालय के नाम से जाना जा रहा है। अपराध के ग्राफ बहुत काफी बढ़ गए है। आज चम्पारण हीं नहीं पूरे बिहार में अपराधियों का ताडंव है। इस विकट परिस्थितियों में शराबबंदी के नाम पर ढकोसला किया जा रहा है।
– सत्ताधारी जनप्रतिनिधि चंपारण को चंबल बनाने पर हैं तुले: अभिजीत सिंह
वहीं जाप के प्रदेश प्रवक्ता अभिजीत सिंह ने कहा कि चंपारण के सत्ताधारी जनप्रतिनिधि चंपारण को चंबल की घाटी बनाना चाहते हैं चंपारण में न शिक्षा है न रोजगार है ना सड़क है और ना ही स्वास्थ्य व्यवस्था है केवल राजनेताओं के इशारे पर अपराध एवं अपराधियों की संख्या बढ़ी है इसके साथ हीं सीमाई क्षेत्रो में खाद तस्करी चरम पर है।
मौके पर मुख्तार गुप्ता, सुरेंद्र त्यागी अंकित सिंह, पुन्नू सिंह, नरैण, रामबाबू यादव, राजेश्वर यादव उर्फ एमपी साहब, पवन कुमार सिंह, आकाश कुमार सिंह, मोहन यादव आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।