लापता 16 साल की यूट्यूबर बिंदास काव्या मिलीं
इंडियन यूट्यूबर बिंदास काव्या लापता हो गईं थीं। जिस कारण उनके परिवार वालों ने सोशल मीडिया और पुलिस दोनों से मदद मांगी थी।हालांकि, अब काव्या मिल गई हैं। इस बात को खुद उनके माता-पिता ने फोटो के जरिए कंफर्म किया है। फोटो में काव्या के पिता ने बताया कि यूट्यूबर उनसे नाराज होकर लखनऊ जा रही थी। हालांकि पुलिस को काव्या इटारसी में मिल गईं हैं। दरअसल काव्या के माता-पिता ने 9 सितंबर को सोशल मीडिया पर फोटो जारी कर बताया था कि उनकी बेटी लापता हो गई है, जिसके बाद से यह मामला सुर्खियों में आया था।
काव्या को सोशल मीडिया पर ज्यादातर फैंस उनके यूट्यूब चैनल ‘बिंदास काव्या’ की वजह से पहचानते हैं। बता दें यूट्यूबर अपनी गेमिंग स्किल्स, यूट्यूब और टिक टॉक की लिप सिंक के लिए जानी जाती हैं। वो औरंगाबाद की रहने वाली हैं और महज 16 साल की उम्र में उनकी काफी फैन फॉलोइंग है। काव्या अपने चैनल पर व्लॉग चलाती हैं। यूट्यूब पर उनके 1.3 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं, जो उनके इस व्लॉग को पसंद करते हैं। काव्या ने साल 2017 में अपने यूट्यूब चैनल की शुरुआत की थी, बहुत ही कम समय में काव्या का चैनल तेजी से ग्रो करने लगा।
9 सितंबर को सोशल मीडिया पर काव्या के परिवार वालों ने ट्वीट कर उनके लापता होने की सूचना दी थी। यह ट्वीट काव्या की ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से किया गया, जिसमें परिवार वालों ने लिखा- ‘कृपया हमारी बेटी को खोजें, वह सिर्फ 16 साल की है। कृपया हमारी मदद करें वह पडेगांव औरंगाबाद से गायब है। अगर आपको कोई सूचना मिलती है, तो कृपया छावनी पुलिस स्टेशन औरंगाबाद में संपर्क करें।’
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए फोटो में काव्या के पिता ने कंफर्म किया कि वो घरवालों से नाराज होकर उनके लखनऊ वाले घर जा रही थी। हालांकि, कुछ ही समय में पुलिस उनकी बेटी को खोजने में कामयाब हुई।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.