प्रॉपर्टी विवाद में भाई के सीने में कैंची घोंपकर की हत्या
नई दिल्ली | उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में शनिवार देर रात एक युवक अपनी मां और भाई के सामने छोटे भाई के सीने में कैंची घोंपकर उसकी हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त यश के रूप में हुई है। हत्या के कुछ ही देर बाद पुलिस ने आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल पिता की मौत के बाद रोहित पूरा मकान अपने नाम कराना चाहता था। लेकिन उसे शराब की लत थी।
इसको लेकर वह परिवार से झगड़ा करता था। मां ने पिछले माह ही रोहित को अपनी प्रॉपर्टी से बेदखल कर दिया था। इसके बाद से वह कभी आत्महत्या करने की धमकी देता था तो कभी भाइयों को मारने की बात करता था। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद यश का शव परिवार के हवाले कर दिया है। नंद नगरी थाना पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
आरोप है कि शनिवार शाम करीब 6.15 बजे वह शराब के नशे में घर पहुंचा और हंगामा करने लगा। उसने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डाला और आत्महत्या करने की बात करने लगा। शोर-शराबे के बीच परिवार ने पुलिस को खबर दे दी। इसके बाद मौके पर पीसीआर पहुंची। रोहित को पकड़कर अस्पताल ले जाया गया।करीब 10 बजे उसे वापस घर पर छोड़ दिया गया। घर आते ही आरोपी दोबारा झगड़ा करने लगा। गाली-गलौज के बीच वह कैंची उठाकर दोनों भाइयों को मारने दौड़ा। आरोपी ने यश को पकड़ा और उसके सीने में कैंची घोंप दी। कैंची लगते ही उसके सीने से खून का फुव्वारा निकला। परिवार जब तक उसे अस्पताल लेकर भागा तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। करीब 10.30 बजे जीटीबी अस्पताल से पुलिस को यश की मौत की सूचना मिली। पुलिस ने वारदात के कुछ ही देर बाद आरोपी रोहित को दबोच लिया।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.