बार में छत्तीसगढ़ी एक्ट्रेस से मारपीट
बिलासपुर के अमिगोस बार में छत्तीसगढ़ी एक्ट्रेस के साथ मारपीट की गई। पूरा मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, भिलाई के न्यू कुर्सीपार में रहने वाली सान्या कम्बोज (26) छत्तीसगढ़ी एक्ट्रेस हैं। बीते 18 सितंबर से वे बिलासपुर में हैं। सान्या 18 सितंबर की रात अपने दोस्त हुरेन खान के साथ पार्टी करने के लिए लिंक रोड स्थित अमिगोस बार गई थीं। यहां डांस फ्लोर पर सान्या अपने दोस्त के साथ डांस कर रहीं थीं। तभी उनके पैर को किसी ने जूती से दबा दिया। पलट कर देखने पर पीछे लड़की खड़ी थी। सान्या ने उसे मना किया, तब लड़की ने गाली देना शुरू कर दिया।
देखते ही देखते उनके बीच झगड़ा शुरू हो गया और लड़की उनके साथ मारपीट करने पर उतर आई। इस दौरान लड़की ने अपने नाखून से एक्ट्रेस सान्या के चेहरे को नोंच दिया, जिससे खून निकलने लगा। इसके बाद वह जान से मारने की धमकी देने लगी। झगड़ा होते देख सान्या के दोस्त हुरेन और बार के कर्मचारियों ने बीच बचाव किया। इस दौरान लड़की के साथ उसके दोस्त भी थे। इधर, इस घटना के बाद सान्या केस दर्ज कराने के लिए तारबाहर थाने गईं, जहां पुलिस ने उनकी रिपोर्ट नहीं लिखी।
बताया जा रहा है कि एक्ट्रेस केस दर्ज कराने के लिए 2 दिन तक थाने का चक्कर काटती रही लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। बल्कि, उल्टा सान्या को केस दर्ज नहीं कराने के लिए समझाइश देती रहीं। इसके बाद भी एक्ट्रेस सान्या मारपीट करने वाली लड़की के खिलाफ FIR कराने के लिए बिलासपुर में ही डटीं रहीं। आखिरकार, मंगलवार को राजनीतिक हस्तक्षेप के बाद पुलिस हरकत में आई और मारपीट का केस दर्ज किया है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.