2024 और 2025 को ध्यान में रखकर संगठन को बनाएं धारदार: उमेश सिंह कुशवाहा
प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने सभी नव-मनोनीत महानगर अध्यक्षों के साथ की बैठक
बिहार प्रदेश जदयू अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने आज नव-मनोनीत महानगर अध्यक्षों के साथ बैठक की। मुख्यालय महासचिव श्री मृत्युंजय कुमार सिंह, सचिव श्री मनीष कुमार, श्री बासुदेव कुशवाहा एवं इस दौरान मौजूद रहे। बैठक में मुजफ्फरपुर महानगर (प्रो. अरुण पटेल), दरभंगा महानगर (श्री सुशील कुमार कानोडिया), पूर्णिया महानगर (श्री अविनाश कुमार), कटिहार महानगर (श्री रमेश महतो), बेगूसराय महानगर (श्री जवाहरलाल भारद्वाज), भागलपुर महानगर (श्री राजदीप राजा), बिहारशरीफ महानगर (श्री गुलरेज अंसारी), आरा महानगर (श्री जयप्रकाश चैधरी) एवं पटना महानगर (श्री रवीन्द्र पटेल) के अध्यक्ष उपस्थित हुए।
प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने इस दौरान अपने संबोधन में कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने संगठन की मजबूती के लिए आप सभी को महती दायित्व दिया है। महानगर-क्षेत्र किसी भी जिले की गतिविधियों और आकर्षण का केन्द्र होता है, इसलिए महानगर अध्यक्षों को मनोनीत किया गया है ताकि इन क्षेत्रों में पार्टी की प्रभावी उपस्थिति हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के हाथों को मजबूत करने के लिए हमें न्याय के साथ विकास पर आधारित उनके बेमिसाल कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बिहार में कल्याणकारी योजनाओं की झड़ी लगा दी है। इन योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाना है।
श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव और 2025 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन का विस्तार करें और उसे धारदार बनाएं। उन्होंने महानगर के प्रत्येक वार्ड में 10-10 समर्पित और निष्ठावान साथियों को जोड़ने का भी निर्देश दिया। साथ ही पार्टी के स्वैच्छिक सहयोग राशि संग्रह अभियान की सफलता के लिए जुटने की अपील की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि महानगर अध्यक्ष अपनी कमिटी का नए सिरे से गठन करेंगे। इस क्रम में उक्त 10 ग्रामीण जिला की वर्तमान कमिटी में जो महानगर के निवासी पदाधिकारी बने हैं, उन्हें ग्रामीण जिला कमिटी से पदमुक्त माना जायेगा एवं महानगर की नवगठित कमिटी में समायोजित किया जायेगा।
ध्यातव्य है कि पार्टी के स्वैच्छिक सहयोग राशि संग्रह अभियान के तहत आज सांसद श्री संतोष कुशवाहा, श्री दुलाल चन्द्र गोस्वामी, विधायक डाॅ0 संजीव कुमार समेत कई नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा को अपने-अपने योगदान का चेक सौंपा।