मतगणना से मिल रहे रूझानों से गदगद हुए पीएम मोदी, शाम को बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को कर सकते हैं संबोधित
पांच राज्यों में जारी मतगणना से मिल रहे रूझानों से उत्साहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बृहस्पतिवार शाम को अपनी सर्वोच्च नीति निर्धारक इकाई संसदीय बोर्ड की बैठक बुला सकती है। रुझानों के मुताबिक भाजपा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ती दिख रही है जबकि मणिपुर और गोवा में वह सबसे बड़े के दल के रूप में उभरने की ओर अग्रसर है।
पंजाब में दिल्ली की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी की सरकार बनने की पूरी संभावना है। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम को भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा भी संसदीय बोर्ड की बैठक में शामिल होंगे।
उत्तर प्रदेश में एक ‘‘नया इतिहास” रचा जा रहा है
पांच राज्यों में हुए विधानसभा की, जारी शुरुआती दौर की मतगणना में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में विपक्षी दलों पर बढ़त बना चुकी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी जीत की उम्मीद जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन मॉडल को इसका श्रेय दिया और कहा कि उत्तर प्रदेश में एक ‘‘नया इतिहास” रचा जा रहा है। भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने दावा किया कि जनता ने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों पर भरोसा जताया है। त्रिवेदी ने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश में कम से कम 300 सीटें जीतेगी और यह स्पष्ट है कि देश के सबसे बड़े सूबे में एक नया इतिहास रचा जा रहा है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.