गुप्ता धाम महोत्सव 16 मार्च को, आयोजन तैयारी को लेकर डी एम ने की बैठक
सासाराम। आज दिनांक 10 मार्च 2022 को जिला पदाधिकारी रोहतास श्री धर्मेंद्र कुमार की अध्यक्षता में गुप्ता धाम महोत्सव के सफल आयोजन की तैयारियों से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में डी डी सी रोहतास शेखर आनंद, एसडीओ सासाराम l मनोज कुमार, जिला स्तरीय अन्य पदाधिकारी तथा गुप्ता धाम महोत्सव से जुड़े चेनारी के प्रबुद्ध व्यक्ति सम्मिलित हुए। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि गुप्ता धाम विश्व के प्राचीनतम पूजा स्थलों में से एक है। यह धाम पूरे मानव संस्कृति के लिए एक धरोहर है और रोहतास जिले को एक अद्भुत एवं विशिष्ट पहचान प्रदान करता है। अतः गुप्ता धाम के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए वहां राज्य सरकार की ओर से एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उक्त आयोजन चेनारी प्रखंड के समीप स्थित राम दुलारी गंगा उच्च विद्यालय के प्रांगण में किया जाएगा। महोत्सव के लिए दिनांक 16 मार्च की तिथि निर्धारित की गई है। गुप्ता धाम के महात्म्य को दर्शाते हुए, 16 मार्च को उक्त विद्यालय परिसर में संध्या 6:00 बजे से 9:00 बजे तक सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
इसके लिए राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों तथा स्थानीय कलाकारों को शिरकत करने का मौका दिया जाएगा। उक्त अवसर पर गुप्ता धाम महोत्सव का महत्व बताते हुए एक बुकलेट तथा ऑडियो विजुअल कंटेंट भी तैयार कर उसे महोत्सव के अवसर पर प्रस्तुत किया जाएगा। सभी आवश्यक तैयारियों के लिए एक जिलास्तरीय कमेटी भी गठित करने का निर्णय लिया गया ताकि गुप्ता धाम महोत्सव का भव्य एवं गरिमामय आयोजन सम्पन्न किया जा सके।