जदयू के प्रदेश मुख्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित
बिजली की कमी नहीं होने देगी सरकार.. विजेंद्र प्रसाद यादव
राजधानी के शेष रूटों पर भी चलेगी सीएनजी बसें….शीला मंडल
पटना: जदयू के प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ऊर्जा विभाग के मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव और परिवहन विभाग के मंत्री श्रीमती शीला मंडल शामिल हुईं। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में पहुंचे आम जनों और कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनकर उसका त्वरित निराकरण किया गया।
इस अवसर पर ऊर्जा विभाग के माननीय मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि सरकार बिहार में बिजली की कमी नहीं होने देगी। बिहार में बिजली की कमी को पूरा करने के लिए सरकार हर स्तर पर प्रयासरत है। नवीनगर बिजली केंद्र का एक यूनिट आज ही चालू हो जाएगा जिसके फलस्वरूप बिहार को 500 से 600 यूनिट बिजली की आपूर्ति हो सकेगी। सरकार प्राथमिकता के आधार पर तत्काल 1000 यूनिट बिजली की कमी पूरा करने में लगी है और एक-दो दिन के अंदर ही इसका निराकरण कर लिया जाएगा।
वही इस मौके पर परिवहन विभाग के माननीय मंत्री श्रीमती शीला मंडल ने कहा कि वातावरण को प्रदूषण मुक्त करना सरकार की प्राथमिकता है और इसलिए जल जीवन हरियाली अभियान को बढ़ावा देकर प्रदूषण को कम करने की कोशिश की जा रही है। इसी के तहत पटना के कई रूटों पर सीएनजी बसों का परिचालन किया जा रहा है और शेष रूटों पर भी सीएनजी बसों को चलाने की योजना है। इसके लिए बसों की खरीद की गई है और अब राजधानी के अन्य रूटों पर भी जल्दी ही सीएनजी बसें चलना शुरू हो जाएगी।
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष डाॅ0 नवीन आर्य चन्द्रवंशी, प्रदेश महासचिव मृत्युंजय कुमार सिंह मौजूद रहे।