रिटायर्ड प्रोफेसर एवं अन्य घरों में भीषण चोरी कर कीमती सामान ले उड़े चोर
सासाराम। रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम का न्यू एरिया मुहल्ला में चोरों ने टारगेट बना कर रविवार की रात मुहल्ले के शहीद निशान सिंह पथ के दो घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। मुहल्ला निवासी सेवानिवृत प्रोफेसर ओम प्रकाश सिंह का परिवार बाहर गया था एवं खाली घर देख कर चोरों ने पूरा हाथ साफ कर लिया। घर के आलमीरा, बक्सा, दिवान, अन्य सारा समान उलट-पुलट कर रख दिया। यहां तक कि गोदरेज के अलमीरा को पलंग पर पलट उसमें का सामान भी निकाला। कमरें में शराब की बोतले भी मिली हैं जिससे लोग बता रहे हैं कि खाली घर देख चोरों ने आराम से शराब भी पिया है। पहले घर में चोरी करने के बाद बगल के घर के एक कमरे का खिड़की चोरों ने उखाड़ दी परंतु दूसरे कमरे से आवाज आने पर वो भाग निकले। मुहल्लेवासियों को सुबह जब चोारी की घटना की जानकारी मिली तब लोगों ने मकान मालिक को सूचित किया। घटना को लेकर मुहल्ला वासियों में काफी रोष है। उनका कहना है कि खाली मकान देख कर चोर पहले रैकी करते हैं फिर चोरी को अंजाम देते हैं। पहले भी कई मकानों में चोरी हो चुकी है परंतु पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे बेखौफ चोर घंटो इत्मीनान से चोरी कर निकल जा रहे हैं, और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। मुहल्ला निवासी पूर्व वार्ड पार्षद अतेन्द्र सिंह एवं राजद नेता विमल कुमार सिंह ने कहा कि मुहल्ला में बढ़ती चोरी घटना को लेकर जल्द ही एसपी से भी मिलेंगें।