घर से निकले बारात लौटते समय पहुंच गए अस्पताल
सासाराम। शादी समारोह से लौट रहे पांच बारातियों के साथ बोलेरो एक पेड़ से टकरा गई। घटना संझौली थाना क्षेत्र इंग्लिशपुर गाव के पास की है। तेज रफ्तार बाराती बोलेरो अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। गाड़ी में सवार पांच लोग घायल हो गए जिसमें एक घायल की स्थिति चिंताजनक है जिसे रेफर कर दिया गया है। सासाराम-आरा स्टेट हाइवे पर बारात से अपने गांव जाने के क्रम में दुर्घटना घटी। कल मंगलवार को शिवसागर थाना क्षेत्र के बम्हौर गांव से विक्रमगंज थाना के जमोढ़ी गांव में बारात गई थी। देर रात बेलेरो पर सवार हो कर पांच लोग घर लौट रहे थे एवं लौटने के क्रम में संझौली के पास चालक को झपकी आ गई तभी उक्त बोलेरो इंग्लिशपुर गांव के पास पेड़ से जा टकराई। घटना के बाद घायलों ने परिजनों को सूचित किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस के सहयोग से सभी घायलों को इलाज के लिए बिक्रमगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना में जमोढी गांव के सियाराम शाह, मनोज कुमार, चंदन कुमार, प्रमोद कुमार और धनगाईं गांव के मुन्ना ठाकुर को अस्पताल ले भर्ती कराया गया है। धनगाई निवासी मुन्ना ठाकुर की चिंताजनक स्थिति में डॉक्टर ने उन्हें पटना रेफर किया है। थानाध्यक्ष शम्भू कुमार ने बताया कि बोलेरो को पुलिस ने जब्त कर लिया है। सभी घायलों का इलाज बिक्रमगज में किया जा रहा है।