अमित शाह के बंगाल दौरे के बीच फंदे से झूलता मिला भाजपा कार्यकर्ता का शव
कोलकाता के काशीपुर इलाके में शुक्रवार सुबह फांसी के फंदे से लटका हुआ भाजपा कार्यकर्ता का शव बरामद किया गया है। इस घटना के बाद के इलाके में तनाव का माहौल है। मृतक की पहचान अर्जुन चौरसिया के रूप में हुई है। वह भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी थे। पुलिस को शव के पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और आगे की जांच के लिए शव को ले जाते समय भारी विरोध का सामना करना पड़ा।
पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दोपहर में कार्यकर्ता के आवास जाकर परिजनों से मुलाकात करेंगे। राज्य के एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर आए शाह आज दोपहर चौरसिया के आवास जाएंगे। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता समिक भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘चौरसिया पार्टी के एक कुशल कार्यकर्ता थे। आज सुबह वह मृत पाए गए।’’ भाजपा के एक अन्य वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘शाह ने हमें एनएससी बोस हवाई अड्डे पर उनके आगमन पर होने वाले भव्य स्वागत कार्यक्रम को रद्द करने के लिए कहा।’’ शाह अपनी दो दिवसीय यात्रा के दूसरे दिन उत्तर बंगाल से कोलकाता पहुंचेंगे। पुलिस ने बताया कि भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता अर्जुन चौरसिया का शव घोष बागान इलाके में एक सुनसान इमारत के अंदर फंदे से लटका मिला। भाजपा ने आरोप लगाया है कि कार्यकर्ता की हत्या सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने की है, हालांकि पार्टी ने आरोपों से इनकार किया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.