अप्रैल में निर्यात 30.7 प्रतिशत बढ़ा
पेट्रोलियम उत्पाद, इलेक्ट्रानिक सामान और केमिकल जैसे क्षेत्रों के अच्छे प्रदर्शन के कारण अप्रैल में भारत का उत्पाद निर्यात 30.7 प्रतिशत बढ़कर 40.19 अरब डालर हो गया। इसी समयावधि में आयात 30.97 प्रतिशत बढ़कर 60.3 अरब डालर हो गया। इस तरह देश का व्यापार घाटा बढ़कर 20.11 अरब डालर पर पहुंच गया। इससे पहले अप्रैल, 2021 में व्यापार घाटा 15.29 अरब डालर रहा था।वित्त वर्ष 2021-22 में भारत ने रिकार्ड 418 अरब डालर का निर्यात किया था। वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक, ‘पिछले वित्त वर्ष में रिकार्ड प्रदर्शन के बाद अप्रैल, 2022 में भी निर्यात में मजबूत वृद्धि रही। वस्तुओं का निर्यात 40 अरब डालर को पार कर एक नई ऊंचाई पर पहुंच गया।इस दौरान पेट्रोलियम और कच्चे तेल का आयात 87.54 प्रतिशत बढ़कर 20.2 अरब डालर हो गया। कोयला, कोक और ब्रिकेट्स का आयात बढ़कर 4.93 अरब डालर हो गया जो अप्रैल 2021 में दो अरब डालर था। हालांकि, अप्रैल 2022 में सोने का आयात लगभग 72 प्रतिशत घटकर 1.72 अरब डालर रह गया, जो अप्रैल 2021 में 6.23 अरब डालर था।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.