हर-हर महादेव जयघोष से गूंजा कैमूर पहाड़ी और जंगल, गुप्ता धाम दर्शन को पहुंची श्रद्धालुओं की भारी भीड़
सासाराम। सावन की पहली सोमवारी पर पूरा कैमूर पहाड़ी और जंगल हर-हर महादेव के जयघोष से गुंज उठा, गुप्ता धाम में लगभग 30,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया।शनिवार और रविवार को ही श्रद्धालु सोमवारी पर जल चढ़ाने के लिए गुप्ता धाम के लिए चल पड़े थे। सभी पनारी घाट से पहाड़ के ऊपर चढ़े, पथरीले रास्ते और जंगल से होकर सुगिया घाटी पार करते हुए गुप्ता धाम पहुंचे और एक बड़ी लम्बी गुफा में स्थित भगवान शिव के शिवलिंग पर जलाभिषेक और पूजा पाठ किया। पूरा पहाड़ और जंगल हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज रहा था। पहाड़ के ऊपर चारों और गेरुआ वस्त्र धारी शिवभक्त ही नजर आ रहे थे। जिले के अलावा बिहार के अन्य जिले और दूसरे प्रदेश से भी लोग गुप्ता धाम में दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे थे। जो जब पहुंचा उसी समय पहाड़ पर चढ़ा गुप्ता धाम की ओर रवाना हो गया रविवार की रात 12 बजे के बाद से ही गुप्ता धाम में जलाभिषेक शुरू हो गया जो सोमवार की देर रात तक लगातार चलता रहा, भीड़ इतनी थी कि लोगों को अपनी बारी के लिए कई घंटों का इंतजार करना पड़ा।सोमवार को लगातार जलाभिषेक चलता रहा और श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। पहाड के उपर और जंगलों के बीच स्थित गुप्ता धाम पहुंचने पर ऐसा लगता था जैसे प्रकृति की गोद में आ गए हैं, चारों और हरा भरा नजारा नजर आ रहा था, वही लोगों का पहाड़ के ऊपर जंगल में हुजूम देख जंगली जानवर दूर ही दूर रहे, दूर से ही लोगों को जंगली जानवर जंगली लंगूर हिरन, सांभर, नीलगाय, मोर, जंगली अन्य जानवर देखने को मिले जो अपने आप में भी एक कौतुहल का विषय रहा। लोगों ने खूब जंगली जानवरों के फोटो भी खींचे। सासाराम से लेकर गुप्ता धाम आने जाने वाली सड़क कांवरियों से पटी नजर आया। गेरुआ वस्त्र धारण किए श्रधालुओं से सासाराम शहर भी पटा नजर आया और बोल बम के नारों से शहर भी गूंज रहा था। गुफा में ऑक्सीजन की कमी होने के कारण कई श्रद्धालु शिवलिंग तक दर्शन के लिए नहीं भी पहुंच पाए और आधे रास्ते से ही वे वापस लौट गए। गुफा में आक्सीजन का दबाव काफी कम रहता है वैसे वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई थी फिर भी भीड़ बहुत ज्यादा थी। गुप्ता धाम कमेटी के लोग भी श्रद्धालुओं की सेवा में तत्पर रहें उन्हें पता था कि सावन के सोमवारी में गुप्ता धाम में भीड़ काफी ज्यादा होती है इसलिए वह पहले से ही मुस्तैद रहे वहीं प्रशासन की ओर से गुप्ता धाम जाने वाले रास्ते में जगह-जगह सुरक्षा कर्मी की तैनाती की गई थी ताकि निर्भीक होकर लोग गुप्ता धाम दर्शन के लिए आ जा सके।