घर से उठाकर युवक का रेता गला; साल भर पहले किया था अगवा, तब भाग निकला था
बीजापुर: नक्सलियों ने युवक की हत्या कर दी।छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों ने पुलिस की मुखबिरी के शक में एक युवक को मौत की सजा दे दी है। करीब 10 से 15 माओवादियों ने शनिवार की रात युवक को पहले घर से उठाया फिर जंगल में ले जाकर धारदार हथियार से गला रेत दिया। वारदात को अंजाम देने बाद शव को गांव में ही फेंक दिया। बताया जा रहा है कि, सालभर पहले भी माओवादियों ने युवक को अगवा किया था, लेकिन वह किसी तरह उनके चंगुल से भाग निकला था। मामला जिले के उसूर थाना क्षेत्र का है।जानकारी के मुताबिक, युवक माड़वी सोमडू गलगम इलाके के इत्तागुड़ा का रहने वाला था। नक्सली लगातार इसे ढूंढ रहे थे। नक्सलियों को खबर मिली थी कि युवक अपने भाई के ससुराल गलगम में है। इसके बाद शनिवार देर रात करीब 10 से 15 माओवादी घर पहुंच गए। जिसे घर से उठाकर जंगल की तरफ लेकर गए। वहीं पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर धारदार हथियार से गला रेत कर युवक की हत्या कर दी। फिर शव को गांव में ही फेंक दिया और भाग निकले।ग्रामीणों ने सुबह हत्या की जानकारी पुलिस को दी। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सालभर पहले भी नक्सली युवक को उठाकर ले गए थे। कई दिनों तक बंदी बनाकर रखा था। उनके चंगुल से छूटने के बाद युवक कई महीनों तक गांव से बाहर था। कुछ दिनों पहले ही वह अपने भाई के ससुराल आकर रहने लगा था। नक्सलियों को खबर मिली और उन्होंने हत्या कर दी।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.