मंदिर के दो सहायक प्रशासक और एक कर्मचारी से भी मांगा जवाब
उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में करीब एक सप्ताह पहले भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन के दौरान युवा मोर्चा कार्यकतार्ओ ने नंदी हाल में घुसकर हुड़दंग मचाया था। यह मामला मीडिया के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों बना था। इस मामले को लेकर कलेक्टर ने मंदिर समिति के प्रशासक सहित दो सहायक प्रशासक और एक मंदिर समिति के कर्मचारी को नोटिस जारी कर 3 दिन में स्पष्टीकरण मांगा है।विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में 10 अगस्त को सुबह भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के महाकाल मंदिर में दर्शन करने आने के दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा से जुड़े कार्यकर्ताओं ने हंगामा करते हुए नंदी हाल में प्रवेश किया था। इस दौरान अराजकता की स्थिति निर्मित होने से मंदिर की छवि धूमिल हुई थी । हालांकि फुटेज के आधार पर मंदिर समिति ने दो भाजयुमो पदाधिकारियों के खिलाफ महाकाल थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष व कलेक्टर आशीष सिंह ने मंदिर समिति के प्रशासक गणेश धाकड़, सहायक प्रशासक प्रतिक द्विवेदी, लोकेश चौहान और मंदिर समिति के प्रोटोकॉल कर्मचारी राजेंद्र सिसोदिया को नोटिस जारी कर 3 दिन में अपना स्पष्टीकरण कलेक्टर के समक्ष देने के लिए कहा है।नोटिस में कहा प्रशासकीय दायित्वों के प्रति लापरवाहीकलेक्टर द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि पूर्व में जारी आदेश क्रमांक 906 एडीएम, सत्कार, दिनांक 20 जून 2022 के द्वारा श्री महाकालेश्वर मंदिर की आंतरिक व्यवस्था सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों तथा संगठनों के दर्शन सत्कार सहित गर्भगृह, नंदीहाल में प्रवेश की अनुमति के लिए प्रशासक को अधिकृत किया गया है, परंतु आपके द्वारा अतिथि के दर्शन के लिए जानकारी होने के बावजूद भी व्यवस्थाओं तथा प्रवेश को लेकर स्पष्टता का अभाव पाया गया है। जो आपके द्वारा प्रशासकीय दायित्वों के प्रति आपकी लापरवाही प्रदर्शित करता है। इस संबंध में आप अपना स्पष्टीकरण 3 दिवस में अधोहस्ताक्षर करता को प्रस्तुत करें। नोटिस में कहा है कि स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होने की दशा में यथोचित कार्रवाई की जाएगी।संगठन ने 18 भाजयुमो कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की हैश्री महाकालेश्वर मंदिर में भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन के दौरान हंगामा होने और युवा मोर्चा से जुड़े पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा नंदी हाल में जबरन घुसने और कर्मचारियों से अभद्रता करने के मामले में युवा मोर्चा के प्रदेश संगठन ने 18 लोगों को नोटिस जारी कर भोपाल तलब किया था। इसके बाद युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर हुड़दंग में शामिल युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं दायित्व से मुक्त करने की कार्रवाई की है। संगठन द्वारा की गई कार्रवाई की जद में पदाधिकारी और कार्यकर्ता दोनों ही आए है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.