बंद घरों में ताबड़तोड़ चोरी करने वाले चार बांग्लादेशी गिरफ्तार
गाजियाबाद। गाजियाबाद में चोरी की ताबड़तोड़ वारदातों को बांग्लादेशी गैंग अंजाम दे रहा था। कविनगर पुलिस ने गैंग का पर्दाफाश करते हुए सरगना समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जिन्होंने महीने के भीतर कविनगर, मधुबन बापूधाम और मसूरी थानाक्षेत्र में चोरी की 17 वारदात करना कबूला है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, 1.07 लाख रुपये तथा ताले और कुंडी काटने वाले औजार बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह में शामिल दो सर्राफ समेत चार लोग अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। बीते कुछ दिनों से चोरों ने कविनगर, मसूरी और मधुबन बापूधाम थानाक्षेत्र को टारगेट करते हुए चोरी की सिलसिलेवार वारदात शुरू कर दी थीं। एक रात में तीन-तीन घटनाएं होने से पुलिस के माथे पर बल पड़ गए थे। कुछ स्थानों पर चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए थे, जिसके आधार पर पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी। एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद गैंग ट्रेस कर लिया गया। एसपी सिटी ने बताया कि गिरोह के सरगना समेत चार बदमाश गिरफ्तार किए गए हैं। आरोपियों की पहचान थाना जहांगीरपुरी दिल्ली के सिटी पार्क स्थित झुग्गी निवासी मुगलेशुर, मंगलबाजार चौक जहांगीरपुरी निवासी आफताब, जी-ब्लॉक जहांगीरपुर निवासी करीम उर्फ लल्ला और मुरसलीन के रूप में हुई है। मुगलेशुर गिरोह का सरगना है। गिरोह से जुड़े जी-ब्लॉक जहांगीरपुरी निवासी गुलाम मुस्तफा, फिरोज, शारून और भलस्वा डेयरी दिल्ली निवासी राजाराम फरार चल रहे हैं। इनमें से फिरोज और राजाराम चोरी का माल खरीदते हैं।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.