ऑटो और बस की टक्कर : आधा दर्जन लोग जख्मी
पूर्णिया : बायसी थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव के पास रविवार को बस और यात्रियों से भरे ऑटो की आमने सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो की परखच्चे उड़ गए। इस सड़क हादसे में ड्राइवर समेत ऑटो सवार करीब आधा दर्जन यात्री जख्मी हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।स्थानीय लोगों ने सभी जख्मी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान ही ऑटो चालक ने दम तोड़ दिया। अन्य जख्मी का फिलहाल इलाज चल रहा है। मृतक की पहचान बायसी थाना क्षेत्र अंतर्गत चोनी गांव के रहने वाले शेख अजाबुल का बेटा मोहम्मद अलमिद (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। वहीं, मौत की खबर मिलते ही परिजनो में कोहराम मच गया।
मोहम्मद अलमिद अपने गांव से ऑटो लेकर बायसी की तरफ जा रहा था। ऑटो में करीब 6 लोग सवार थे। रामपुर चौक के पास NH-31 पर पहुंचते ही सामने से आ रहे यात्रीवाहक बस ने टक्कर मार दी। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि मोहम्मद अलमिद की दो पत्नी है। दोनों पत्नी से 8 बच्चे हैं। परिवार में वह अकेला ही कमाने वाला था। स्थानीय लोगों ने बताया कि बायसी थाना क्षेत्र में पिछले 10 दिन के अंदर सड़क दुर्घटना में 4 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब एक दर्जन से अधिक लोग जख्मी हुए हैं।