नहर से युवक का शव बरामद, एक जनवरी को दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया था मृतक
रोहतास। जिले के डेहरी नगर थाना क्षेत्र के कलकतिया पुल के समीप सोमवार को एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान तिलौथू थाना क्षेत्र के जमुहारा निवासी सत्येंद्र प्रसाद श्रीवास्तव के 34 साल के बेटे अनमोल कुमार के रूप में की गई है। मृतक के परिजन ने हत्या कर शव को फेंके जाने की आशंका जताई है, पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई है।
बताया जाता है कि तिलौथू थाना क्षेत्र के जमुहारा गांव के रहने वाले सत्येंद्र श्रीवास्तव का 34 साल का पुत्र अनमोल कुमार एक जनवरी को अपने कुछ दोस्तों के साथ इंद्रपुरी इलाके के पटनवा बाल पर पर नए साल पर पिकनिक मनाने गया था। लेकिन फिर नहीं लौटा, जिसके बाद अनमोल के परिजनों ने दो जनवरी को इसकी सूचना इंद्रपुरी थाना की पुलिस को दी थी, लेकिन आज अनमोल का शव बरामद हुआ है। बताते हैं कि डेहरी के कलकतिया पुल के समीप लोगों ने सुबह में नहर के पानी में एक शव को लगे देखा। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से शव को निकाला, लेकिन शव की तत्काल पहचान नहीं हो सकी। कुछ लोगों ने आशंका जताई कि तिलौथू से एक युवक एक जनवरी से ही गायब है। जिसके बाद गायब युवक के परिजनों को सूचना दी गई, परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की, शव की पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां और पत्नी मौके पर ही दहाड़ मार कर रोने लगी, मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है मृतक का 8 साल का एक बेटा है।
दर्ज प्राथमिकी में पिता ने बताया था कि एक जनवरी को उनका बेटा अनमोल कुमार अपने मित्र धनजीत कुमार, बृजेश सिंह, पप्पू शर्मा एवं धीरेंद्र गुप्ता के साथ इन्द्रपुरी के पटनवा बाल पर घूमने गए थे। जब वह रात तक घर वापस नहीं लौटे तब उसके मित्र धनजीत कुमार से फोन पर बात हुई, उसने बताया कि पटनवा बाल पर संजय सिंह, मनु सिंह तथा राजू तिवारी से बहस एवं धक्का-मुक्की हुई थी। इस दौरान अनमोल अपने फोन से बात करते हुए चला गया। इसके उपरांत कुछ देर बाद मेरे मोबाइल पर फोन कर नियत स्थान पर आने के लिए कहा, लेकिन उक्त स्थान पर पहुंचने वह मौजूद नहीं था। उसका मोबाइल भी बंद था, घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। परिजनों ने अनमोल की हत्या कर शव को फेंके जाने की आशंका जताई है। पुलिस तमाम पहलुओं की जांच कर रही है।