16 को होगा बिहार मंत्रिमंडल का विस्तार
पटना। बिहार कैबिनेट से मंत्री संतोष सुमन मांझी के इस्तीफे के बाद मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। इसको लेकर चर्चा पर अब विराम उस समय लग गया जब राजभवन की ओर से मंत्रिमंडल विस्तार के लिए शपथ ग्रहण की तिथि तय कर दी गयी। अब अधिकारिक रूप से इसकी पुष्टी कर दी गई है। बताया गया कि शुक्रवार 16 जून को नीतीश कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा। जिसके लिए राज भवन के सभागार में तैयारी शुरू कर दी है। नए मंत्रियों को शपथ दिलाने के सुबह 10.30 का समय तय किया गया है। कैबिनेट विस्तार को लेकर अब तक जो बात सामने आई है, उसके अनुसार सोनवर्षा से विधायक रत्नेश सदा का मंत्री बनना तय बताया जा रहा है। रत्नेश सदा के नाम की चर्चा तब शुरू हो गई, जब मंगलवार को संतोष सुमन ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। संतोष सुमन मांझी जाति से आते थे। ऐसे में उनके विकल्प के तौर पर उसी जाति से दूसरे विधायक की तलाश शुरू हुई तो यह रत्नेश सदा पर आकर रूकी। चर्चा 16 जून को होनेवाले कैबिनेट विस्तार को लेकर बताया जा रहा है कि कम से कम चार लोगों को नीतीश कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। जिनमें दो राजद कोटे से, एक कांग्रेस और एक जदयू के विधायक को मिल सकता है। हालांकि यह संख्या और बढ़ सकती है।