इंडियन टेनिस क्रिकेट टीम में मंजूरा के चंदन का हुआ चयन ग्रामीणों में खुशी की लहर
बोकारो : कसमार प्रखंड के मंजूरा गांव निवासी चंदन कुमार महतो का चयन भारतीय टेनिस क्रिकेट टीम में किया गया है. मंजूरा के समाजसेवी मिथिलेश महतो ने चंदन से मुलाकात कर भारतीय टीम में चयन होने पर बधाई दी. चंदन नेपाल के पोखरा में 22 से 27 फरवरी तक चार देशों के बीच खेली जाने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे. इसमें भारत के अलावा नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका की टीम भाग लेगी. चंदन उक्त प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 21 फरवरी को नेपाल रवाना होंगे. चयन की आधिकारिक पुष्टि टेनिस क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष कन्हैया गुर्जर ने करते हुए चयन का सर्टिफिकेट भी भेजा है. इससे पूर्व चंदन झारखंड टीम से भी तीन सीरीज खेल चुके हैं. स्टेट टीम से एक सीरीज में कप्तानी करने का भी गौरव हासिल कर चुके हैं. बेहत्तर प्रदर्शन का इनाम के रूप में इनका चयन भारतीय टीम में हुआ है.
संसाधनों के अभाव में गुजर रहा चंदन का जिंदगी
बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाला चंदन आर्थिक समस्याओं से भी दो चार होना पड़ रहा है. उचित संसाधन के बगैर इंडियन टीम से खेलना वाकई गर्व की बात है. चंदन महतो फिलहाल एस एस प्लस टू हाई स्कूल कसमार के 12 कक्षा का छात्र है. पढ़ाई के अलावा खेल में काफी समय देता है. सैंकड़ों किलोमीटर का सफर कर कई मैच खेले है.
पिता हैं किसान व मजदूर, माता गृहिणी
बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाले चंदन के पिता मनोज कुमार महतो खेती किसानी के साथ मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं. माता मालती देवी गृहिणी है. अपने बेटे की प्रतिभा पर इन्हें गर्व है. अपने बेटे को क्रिकेट की दुनिया में शिखर तक पहुंचाने के लिए जरूरत पड़ने पर अपनी जमीन भी बेचने को तैयार है.