डीएम ने विसी के जरिए की आगामी बिहार विधान परिषद् चुनाव तथा जलपूर्ति सम्बंधित समिक्षा बैठक
ज़िला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी गया डॉ० त्यागराजन एसएम की अध्यक्षता में समाहरणालय प्रकोष्ठ में आगामी 4 अप्रैल को होने वाले बिहार विधान परिषद् के स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र चुनाव के संबंध में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारी/नोडल पदाधिकारी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की गई। साथ ही साथ ज़िले में जलापूर्ति के संबंध में समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का दीवार लेखन कार्य यथाशीघ्र पूर्ण कराएं। साथ ही उन्होंने कहा कि अपने-अपने प्रखंड का रूट चार्ट अविलंब जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए अपने क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों में बुनियादी सुविधाएं यथा शुद्ध पेयजल, साफ सफाई, शौचालय, मतदाताओं के लिए बैठने की व्यवस्था इत्यादि उपलब्ध करावे। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि उपरोक्त व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने हेतु अपने स्तर से किसी कर्मी को नामित करते हुए यह दायित्व संबंधित को सुनिश्चित करावे।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आर०ओ० हैंडबुक के अनुसार ही सभी मतदान केंद्रों पर कुर्सी, टेबल सहित अन्य व्यवस्था सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिला निर्वाचन शाखा में कुल 159 निरक्षर मतदाताओं का नाम प्राप्त हुआ है। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि अपने स्तर से सत्यापन के क्रम में जो भी मतदाता स्वीकृत या अस्वीकृत हुए हैं, उन सभी निरक्षर मतदाताओं को ससमय सूचना उपलब्ध करा दें।
जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को निदेश दिया कि मतदान हेतु जिला स्कूल में बने सामग्री कोषांग से 03 अप्रैल को अपने मतदान केंद्रवार सामग्री उठाव कराना सुनिश्चित करें।
समीक्षा बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने गर्मी के मौसम में निर्बाध रूप से पेयजल व्यवस्था आपूर्ति रखने हेतु सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को अपने प्रखंडों में निरंतर जांच करते रहने का निर्देश दिए। उन्होंने सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी (BPRO) तथा टेक्निकल असिस्टेंट (तकनीकी सहायक) को लगातार फील्ड में रहते हुए जहां भी पानी की समस्या होती है, वहां तुरंत मरम्मत कराते हुए पेयजल आपूर्ति सुचारू कराने का निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन फील्ड में घूमे तथा छोटी-छोटी समस्याओं को तुरंत निराकरण करते हुए पेयजल आपूर्ति सुचारू रखें।
उन्होंने कहा कि नल चल योजना के तहत वैसे जल मीनार जहां प्रीपेड मीटर लगा हुआ है तथा बिजली भुगतान नहीं होने के कारण पेयजल सप्लाई बंद है, वैसे जल मीनारो की सूची तैयार कराने का निर्देश सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिया गया तथा बकाये बिजली किराया का भुगतान अतिशीघ्र करवाने का भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वैसे वार्ड सचिव जिनका चयन अब तक नहीं हुआ है, उसे अतिशीघ्र चयन कराने का कार्य करवाएं।
उन्होंने कहा कि यदि किसी संवेदक द्वारा नल जल योजना के कार्य हेतु राशि देने के बावजूद भी कार्य पूर्ण नहीं कर रहे हैं तो संबंधित संवेदक के विरुद्ध नीलाम पत्र दायर करते हुए उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करें।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि अपने प्रखंड अंतर्गत क्रियाशील योजना तथा अक्रियाशील योजनाओं की स्थिति से सम्बंधित प्रतिवेदन तैयार करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सुमन कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, ज़िला जन सम्पर्क पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे।