आजादी के 75 वर्ष के उपलक्ष में होगा धूमधाम से मनेगा विजय दिवस। जगदीशपुर में राष्ट्रभक्तों का होगा समागम
पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा है कि आगामी 23 अप्रैल को राष्ट्रभक्त स्वतंत्रता सेनानी बाबू वीर कुंवर सिंह की जन्म जयंती धूमधाम से मनायी जाएगी। उन्होंने कहा कि भोजपुर के जगदीशपुर में आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में तिरंगे की शान में राष्ट्रभक्तों का जुटान होगा, जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि हमारे क्रांतिकारियों की शहादत कभी व्यर्थ नहीं जाएगी। बिहार की धरती पर 1857 में आजादी की पहली लड़ाई बाबू वीर कुंवर सिंह ने लड़ी थी। उनकी हुंकार से अंग्रेजी सत्ता की चूलें हिल गई थी। उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्रभक्त स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानी के विषय में लोगों को बताएं। फिरंगी सरकार के विरुद्ध स्वतंत्रता संग्राम में बाबू वीर कुंवर सिंह की बहादुरी के विषय में नागरिकों को बताएं और धूमधाम से विजय दिवस को मनाएं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विजय दिवस के अवसर पर जगदीशपुर में बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से आ रहे राष्ट्रभक्तों का समागम होगा। उन्होंने कहा कि भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल मार्गदर्शन में भाजपा ने राष्ट्रवादी विचारों और विचारधाराओं को प्रखरता मिली है और राष्ट्रवाद को मजबूती मिली है।