ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत 22 अप्रैल बड़े भाई की शादी का सामान खरीदने दोस्त के साथ निकला था युवक ग्रामीणों ने ट्रक में लगाई आग
सासाराम। रोहतास जिला कोचास प्रखण्ड के भानस ओपी में आज मंगलवार शाम सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उसका दोस्त घायल हो गया। घटना में युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने ट्रक में आग भी लगा दी। घायल युवक का इलाज कोचस पीएचसी में चल रहा है। मृतक के बड़े भाई की शादी 22 अप्रैल को होनी थी और वह अपने दोस्त के साथ सामान लेकर बाइक से लौट रहा था तभी ओवरटेक कर रहे ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई जिसमें बाइक चालक की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार कटीयरा गांव निवासी नथुन सिंह का छोटा बेटा नीतेश कुमार अपने दोस्त आतिश कुमार पुत्र धर्मेन्द्र सिंह के साथ कोचस बाजार करने आया था। बाजार से सामान लेकर लौटने के क्रम में एनएच 30 पर डढ़ाव गांव के पास बाइक डीसीएम ट्रक से टकरा गई। बताया जाता है कि विपरित दिशा से आ रहा ट्रक ओवरटेक कर रहा था उसी में आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। जुटे लोग उन्हें कोचस पीएचसी ला रहे थे, लेकिन रास्ते में ही नीतेश की मौत हो गई। जबकि आतिश को पीएचसी में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। उक्त घटना के बाद पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। ट्रक सड़क किनारे खड़ी थी। जैसे नितेश की मौत की खबर वहां जुटे लोगों को मिली उनसब ने ट्रक में आग लगा दिया। पुलिस ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जब तक फायर बिग्रेड पहुंचता तबतक ट्रक में आग पूरी तरह लग चुकी थी, ट्रक पूरी तरह जल चुका है।