सासाराम नगर निगम में 48 वार्डों का हुआ सीमांकन,बनी चौहद्दी,नए 8 वार्ड भी शामिल
10 पंचायतों को मिलाने के बाद सासाराम नगर निगम की जनसंख्या हुई 2 लाख 64 हजार 709
सासाराम। जिले के नवगठित नगर निगम सासाराम में कुल 48 वार्ड का सीमांकन किया गया है। साथ ही इसकी चौहद्दी भी तैयार कर ली गयी है। अब इसे वरीय अधिकारी के पास भेजा गया है। वहां से अनुमोदन के पश्चात आपत्ति ली जाएगी। फिर प्रकाशन होगा। वार्ड गठन की प्रक्रिया में चार हजार छह सौ चौसठ से लेकर 6 हजार 335 आबादी के जनसंख्या पर एक वार्ड का गठन किया गया है। नगर परिषद सासाराम एवं 10 पंचायतों के 84 गांवों को जोड़कर नवगठित नगर निगम की जनसंख्या अब 2 लाख 64 हजार 709 हो गई है, जिसमें 48 वार्ड बनाये गये हैं। नगर निगम के नए वार्डों का गठन साल 2011 के जनगणना सर्वे के अनुसार ही जनसंख्या का निर्धारण किया गया है। 28 से 11 मई तक आपत्ति प्राप्त की तिथि निर्धारित : परिसीमन और वार्ड गठन के लिए जो कार्यक्रम निर्वाचन आयोग ने तय किए हैं, उसके मुताबिक वार्डों का परिसीमन और गठन 13 अप्रैल से प्रारंभ होकर 27 अप्रैल तक किया गया। गठित वार्ड का प्रकाशन प्रारूप 28 अप्रैल 2022 को प्रकाशित किया गया। वहीं गठित वार्ड हेतू आपत्तियों की प्राप्ति के लिए आयोग ने 28 अप्रैल से लेकर 11 मई तक की तिथि निर्धारित की है। प्रारूप प्रकाशन के दौरान प्राप्त आपत्तियों का निष्पादन 30 अप्रैल से प्रारंभ होकर 30 मई तक जारी रहेगा। वार्डों की सूची तैयार कर उस पर प्रमंडलीय आयुक्त का अनुमोदन प्राप्त करने के लिए 21 मई से 27 मई तक की तिथि निर्धारित की गई है। अंतिम रूप से गठित वार्डों का जिला गजट में प्रकाशन 30 तक कर दिया जाएगा। सासाराम नगर निगम में सासाराम प्रखंड के नौ एवं शिवसागर प्रखंड के मात्र एक कुम्हउ पंचायत को शामिल किया गया है। सासाराम प्रखंड के जिन पंचायतों को नगर निगम में शामिल किया गया है उसमें मुरादाबाद, उचितपुर, महद्दीगंज, भदोखरा, सिकरियां, धनकाढ़ा, करवंदिया, अमरी, बेलाढ़ी एवं शिवसागर प्रखंड के कुम्हउं पंचायत अंतर्गत सभी गांवों को नगर निगम सासाराम में शामिल किया गया है। डीडीसी सह सासाराम नगर निगम के प्रभारी नगर आयुक्त शेखर आनंद ने जानकारी देते हुए बताया की निर्वाचन आयोग ने नवगठित नगर निगम सासाराम के लिए जनसंख्या के आधार पर परिसीमन और वार्डों के गठन की अनुमति को हरी झंडी दी गई थी। बताया की जनसंख्या के आधार पर सासाराम नगर निगम में 48 वार्डों का गठन किया जाना है। अब नवगठित नगर निगम के वार्डों की चौहद्दी आदि को तय करने का काम पूरा कर लिया गया है। बता दें कि राज्य सरकार ने पिछले एक साल में 100 से अधिक नए शहरी निकायों का गठन किया था। वार्ड सीमांकन का काम पूरा होने के साथ ही अन्य प्रक्रिया भी पूरी होने के बाद निगम के चुनाव की प्रक्रिया आदि का रास्ता साफ हो जाएगा। नवगठित सासाराम नगर निगम के गठन के बाद नए वार्डों के परिसीमन के गठन के लिए सीमांकन का कार्य पूरा कर लिया गया है। जल्द ही उच्चाधिकारी व वरीय अधिकारी के पास रिपोर्ट भेज दी जाएगी। वरीय अधिकारी से अनुमोदन मिलने पर नए वार्ड के परिसीमन के प्रकाशन के लिए निर्वाचन विभाग को भेजा जाएगा। नए वार्ड के प्रकाशन के बाद 11 मई तक आपत्ति लिए जाएंगे। आपत्ति के निराकरण के बाद दो जून 2022 को प्रमंडल आयुक्त के द्वारा नए वार्डों के परिसीमन गठन की अंतिम रुप दी जाएगी। जिसमें गजट में वार्ड की सूची एवं नक्शा का प्रकाशन किया जाएगा।