गरीबों को मुफ्त खाद्यान्न,सरकार की महत्वाकांक्षी,संवेदनशील योजना के लाभ में चूक एवं शिथिलता पर हाेगी करवाई : डी एम
सासाराम। जिलाधिकारी रोहतास धर्मेन्द्र कुमार द्वारा आपूर्ति विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की गई। उक्त बैठक में अनुमण्डल पदाधिकारी, डेहरी, बिक्रमगंज,सासाराम के अतिरिक्त जिला आपूर्ति पदाधिकारी,सहायक ज़िला आपूर्ति पदाधिकारी,सभी आपूर्ति निरीक्षकों ने भाग लिया। समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों को स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा गरीबों के कल्याण हेतु चलाई जा रही खाद्यान्न वितरण योजनाओं में पूरी संवेदनशीलता,पारदर्शिता एवं समयबद्धता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इसमे किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा के क्रम में यह पाया गया कि ज़िला आपूर्ति पदाधिकारी रोहतास सरमेन्द्र कुमार द्वारा अनावश्यक रूप से अपने अधीनस्थ/कनीय विभागीय पदाधिकारियों,पीडीएस विक्रेताओं आदि को बैठक,रिपोर्ट,विभागीय जांच आदि के नाम पर भयाक्रांत किया जाता है जिससे सहज एवं सुलभ रूप से पूरी जन वितरण प्रणाली की संचरण व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ता है। उक्त स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी रोहतास धर्मेन्द्र कुमार ने अविलंब ज़िला आपूर्ति पदाधिकारी सरमेंद्र कुमार का वेतन रोकते हुए उनके विरुद्ध जांच कमिटी गठित करते हुए अगले दो दिनों में ज़िला आपूर्ति पदाधिकारी के कार्यकलापों से संबंधित रिपोर्ट तलब की है जिससे आगे की कार्रवाई की जा सके। जांच कमिटी के सदस्य अनुमण्डल पदाधिकारी डेहरी समीर सौरभ,भा प्र से,एवं अनुमण्डल पदाधिकारी सासाराम मनोज कुमार होंगे।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि गरीबों को मुफ्त खाद्यान्न देने की सरकार की महत्वाकांक्षी एवं संवेदनशील योजना का लाभ अचूक रूप से सभी पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाना है। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गड़बड़ी या विचलन का प्रयास करने वाले किसी भी पदाधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।