रिमांड होम की सुरक्षा में सेंध, गार्ड को बंधक बनाकर 11 बाल कैदी फरार
पूर्णिया: जिले के रिमांड होम में आज तड़के सुबह तकरीबन 4 बजकर 15 मिनट में पेशाब करने के बहाने सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाकर सुरक्षा को धत्ता बताते हुए 11 बाल कैदी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पूर्णिया पुलिस एक्टिव मूड में आ गई और महज 8 घण्टे के अंदर 10 बाल कैदी को कटिहार नगर थाना से बरामद कर लिया गया।
बताते चलें कि जिला मुख्यालय अंर्तगत रिमांड होम आये दिन चर्चा में रहता है। विगत कई वर्षों से कई बड़ी घटनाओं का गवाह रहा जिले का रिमांड होम में आज भी सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े है। बताते चलें कि 73 बाल कैदियों वाला जिले का रिमांड होम में आज भी एक बाथरूम तक नहीं है। जिसे लेकर विभाग को कई बार पत्राचार किया जा चुका है । आज इसी का फायदा उठाकर 11 बाल कैदी फरार हो गए। मामले की जानकारी देते हुए वरीय उपसमाहर्ता सह सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई दीक्षित स्वेतम एवं अधीक्षक पर्यवेक्षण गृह नील मणि ने बताया कि आज तड़के सुबह तकरीबन 4 बजकर 15 मिनट में पेशाब करने के बहाने 11 बाल कैदी बाहर निकल कर मुख्य द्वार पर सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाकर उनसे मुख्य द्वार की चाभी छीनकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही अधीक्षक पर्यवेक्षण गृह नीलमणि अविलंब बाल सुधार गृह पहुंचकर तत्काल इसकी सूचना वरीय उपसमाहर्ता सह सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई दीक्षित स्वेतम को दी। घटना की सूचना मिलते ही वरीय पदाधिकारी बाल सुधार गृह पहुंचकर मामले की पूरी जानकारी लेकर इसकी सूचना जिलापदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को दी।
पुलिस अधीक्षक दयाशंकर ने अविलंब एक टीम बनाकर 10 बाल कैदियों को महज 8 घण्टे में कटिहार जिला से बरामद कर लिया। एक की खोजबीन अभी जारी है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक दयाशंकर ने बताया कि मामले की पूरी जांच की जा रही है.जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे। उन पर जरूर कारवाई होगी।