प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु विशेष कैंप का आयोजन
मोतिहारी: छौड़ादानों प्रखंड के खैरवा पंचायत में असंगठित क्षेत्र के कामगारों के ई श्रम पोर्टल पर निबंधन तथा निबंधित निर्माण श्रमिकों के प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु विशेष कैंप का आयोजन श्रम अधीक्षक राकेश रंजन तथा श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी छौड़ादनो के द्वारा किया गया तथा सैंकड़ो कामगारों का ई श्रम कार्ड बनवाया गया तथा निबंधित निर्माण श्रमिकों का आयुष्मान कार्ड बनवाया गया तथा सभी कामगारों को विधायक नरकटिया मोo शमीम अहमद के हाथों से कार्ड का वितरण किया गया।
श्रम अधीक्षक के द्वारा विधायक नरकटिया , उपस्थित स्थानीय जन प्रतिनिधियों एवम उपस्थित सभी कामगारों को ई श्रम एवं निर्माण श्रमिकों के लिए आयुष्मान कार्ड के अलावा श्रम संसाधन विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं यथा बिहार भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत निबंधन एवं संचालित योजनाएं, बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना, बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, घरेलू कामगार निबंधन योजना आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा योजनाओं का लाभ प्राप्त कैसे कर सकते हैं इसके बारे में भी विस्तार से बताया गया ताकि अधिक से अधिक लाभुक श्रम संसाधन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
इसके अतिरिक्त बनकटवा प्रखंड के जीतपुर पंचायत में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी बनकटवा राम।प्रकाश तथा बंजारिया प्रखंड के अजगरी पंचायत के सिंघियाहिबान चौक पर श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी बंजरिया विकास कुमार के द्वारा ई श्रम पोर्टल पर निबंधन एवं निर्माण श्रमिकों का आयुष्मान कार्ड बनवाने को लेकर विशेष कैंप का आयोजन किया गया तथा सैंकड़ों कामगारों का निबंधन कर उनके बीच कार्ड का वितरण किया गया।
श्रम अधीक्षक ने बताया कि छौड़ादानो , बनकटवा तथा बंजारिया प्रखंड के सभी पंचायतों में यह विशेष कैंप अगले 15 दिनो तक लगातार लगाया जाएगा तथा जिन 16-60 वर्ष की आयु वर्ग के असंगठित कामगारों द्वारा अभी तक अपना ई श्रम कार्ड नहीं बनवाया गया है वे इन पंचायतों में आयोजित विशेष कैंप में अपने आधार कार्ड और बैंक खाता के साथ जाकर या अपने घर के नजदीकी वसुधा केन्द्र (कॉमन सर्विस सेंटर) पर जाकर अपने ई श्रम कार्ड बनवा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिन निबंधित निर्माण श्रमिकों ने अभी तक अपना आयुष्मान कार्ड नहीं बनवाया है वे अपने आधार कार्ड और श्रम अधीक्षक या श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी द्वारा बनाए गए लेबर कार्ड को लेकर इस विशेष कैंप में जाकर या अपने घर के नजदीकी वसुधा केन्द्र (कॉमन सर्विस सेंटर) पर जाकर अपना आयुष्मान कार्ड जरूर बनवा लें ताकि उन्हें हर साल पाँच लाख तक का इलाज निःशुल्क प्राप्त हो सके ।