नाबालिग छात्रा से गैंगरेप, अपहरण के बाद जबरन भरा मांग में सिंदूर फिर की हैवानियत
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फपुर में एक दसवीं की छात्रा से गैंगरेप का मामला सामने आया है, बताया जाता है कि चार लड़कों ने मिलकर इस शर्मनाक घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर में घुसकर लड़की को पहले नशा खिलाकर बेहोश किया। उसके बाद उसे उठाकर किसी दूसरे मकान में ले गए, जहां जबरन उसकी मांग में सिंदूर डाला और बारी से बारी सभी ने दरिंदगी की। घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट के तहत थाने में एफआईआर दर्ज हुआ है। पुलिस आरोपियों की तालाश में जुटी है। बताया जाता है कि पूरी घटना रविवार रात की है। छात्रा के परिवार वाले पड़ोस में शादी समारोह में गए थे, इसी दौरान जब छात्रा घर में अकेली थी, तब लड़कों ने घर में घुसकर उसका अपहरण कर लिया। लड़की के घर वाले जब लौटे तो उन्हेंने बेटी को घर से गायब देखा और खोजबीन शुरू की। रात में लड़की का कुछ पता नहीं चला, दूसरे दिन अहले सुबह उसे एक घर से मुक्त कराया गया। छात्रा की हालत बहुत खराब थी। सोमवार को आरोपियों के परिजन ने पीड़ित परिवार को घर से नहीं निकलने दिया। मंगलवार को छात्रा की मां बेटी को लेकर कांटी थाने पहुंची। जहां उन्होंने दो नामजद समेत चार युवकों के खिलाफ आवेदन दिया। पीड़िता की मां ने बताया कि आरोपियों ने मुंह खोलने पर उसके परिवार की गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी है, साथ ही छात्रा को भी बेच देने की धमकी दी है। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संजय कुमार ने बताया कि मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। नगर परिषद के एक मोहल्ले के दीपक कुमार और संजीत कुमार समेत दो अन्य लड़कों को अभियुक्त बनाया गया है। साथ ही पीड़ित लड़की के साथ मारपीट को लेकर दीपक के माता, पिता और बहन को भी नामजद किया गया है। पीड़िता की मां ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि आठ मई की शाम साढ़े सात बजे परिवार के लोग पड़ोस में शादी समारोह में गए थे, घर में पुत्री अकेली थी। इसी दौरान चारों लड़के उसके घर में घुस आए और बेटी को उठाकर ले गए। आरोपियों में से एक ने जबरन उसकी मांग में सिंदूर डाल दिया। इसके बाद चारों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
वहीं, इस मामले में डीएसपी अभिषेक आनंद ने बताया कि पीड़ित परिवार की तरफ से आवेदन थाना को मिला था। इसकी जानकारी मिलने के बाद मामला तुरंत दर्ज कराया गया। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म की पुष्टि होगी। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया है।