पंसलवा में जल योजना का लाभ नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी, शुद्ध पानी भी नहीं पहुंचा पा रहा
पकड़ीदयाल। पताही प्रखंड क्षेत्र के बाड़ाशंकर पंचायत वार्ड संख्या- 11 के पंसलवा गांव के लोगों को नल-जल योजना का लाभ नहीं मिल रहा। इसको लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने पानी टंकी के समीप प्रदर्शन कर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने वार्ड सदस्य के खिलाफ नारेबाजी की और प्रशासन से नल-जल की आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल करने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि योजना के राशि का वार्ड सदस्य ने बंदरबांट कर लिया है। जिससे योजना धरातल पर पूरी नहीं हो पाई है। ग्रामीणों ने बताया कि अभी तक इस योजना के तहत अधिकांश घरों तक नल का कनेक्शन भी नहीं किया गया। अगर कुछ जगह किया गया है तो सिर्फ खानापूर्ति की गई है। यह जनप्रतिनिधी एवं अधिकारियों के के लिए लूट का सूट का मामला बन गया है। महज बोरिंग व टंकी बैठा कर एवं कुछ जगहों पर पाइप लगाकर छोड़ दिया गया है। लेकिन, आज तक घर-घर नल नहीं लगाया गया। इससे पीने का शुद्ध पानी हमलोगो को नहीं मिल पा रहा। इसको लेकर अधिकारियों से भी शिकायत की। पर कार्रवाई सिफर रहा इससे लोग काफी आक्रोश में हैं। इस संबंध में पूछे जानेव पर प्रखंड विकास पदाधिकारी रितु रंजन कुमार ने बताया कि इस वार्ड में नल जल योजना में कितना काम हुआ है, इसकी जांच कराई जाएगी। साथ ही सात दिन के अंदर अगर प्रत्येक घर तक नल का जल नहीं पहुंचता है, तो वार्ड क्रियान्वयन समिति के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। विरोध प्रदर्शन में ग्रामीण सुधीर राउत, नरेश राउत, चंदेश्वर राउत, रानी देवी, विक्रम महतो, शुभ नारायण रावत, अखिलेश कुमार सिंह, हरिशंकर सिंह, मोहन सिंह, बच्ची देवी, सुनैना देवी, निसहरी देवी आदि उपस्थित थे।