बेतिया फिनो बैंक लूट केस: 5 दिन बाद रॉबरी का पर्दाफाश, किन्नर समेत 7 गिरफ्तार
पश्चिम चंपारण: बेतिया में हुए फिनो एयरटेल पेमेंट बैंक लूटकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने लूटकांड मामले में एक किन्नर सहित सात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों के पास से पुलिस ने बैंक कर्मियों से लूटे गए दो मोबाइल फोन, लूटे गए रुपये में से नकद 9 हजार रुपये बरामद किए हैं। इसके साथ ही लूट की घटना में प्रयुक्त काले रंग की प्लस मोटरसाइकिल, घटना के समय एक अपराधी द्वारा पहना गया कपड़ा, घटना में प्रयुक्त दो सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल, तीन देसी पिस्तौल व 13 कारतूस भी बरामद किए गए हैं। बेतिया एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने बताया कि बस स्टैंड वार्ड 23 के मनीष कुमार, मझौलिया चैलाभार के विक्की कुमार, पूर्वी चंपारण के छौड़ादानों थाना क्षेत्र अंतर्गत फतुआ के जितेश कुमार, बगहा के जीतपुर मटियरिया निवासी बाबू लोहार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बड़ा बरवत निवासी जयप्रकाश कुमार, न्यू बस स्टैंड के रिशु कुमार व पूर्वी चंपारण के चिरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा पिपल के अंजलि किन्नर को गिरफ्तार किया गया है। बेतिया एसपी ने बताया कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड बस स्टैंड के रोहित कुमार शराब के एक मामले में विगत 25 मई को न्यायालय में सरेंडर कर चुका है। किन्नर अंजलि अपने एक सहयोगी के साथ मिलकर अपराधियों द्वारा लूटे गए सामग्री की खरीद बिक्री करती थी। बताया जा रहा है कि फिनो एयरटेल पेमेंट बैंक में 23 मई को हथियार के बल पर हुए 3.75 लाख लूट के बाद कांड के उद्भेदन के लिए एसपी ने सदर एसडीपीओ मुकुल परिमल पांडेय के नेतृत्व में टीम गठित की थी।