पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी : भाजपा ने नुपूर शर्मा और नवीन जिंदल को किया निलंबित
नई दिल्ली : एक डिबेट के दौरान पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी करने के मामले में भारतीय जनता पार्टी बीजेपी ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। भाजपा ने प्रवक्ता नुपूर शर्मा और सांसद नवीन जिंदल को प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। नुपूर शर्मा पर कार्रवाई से पहले भाजपा के महासचिव अरुण सिंह की ओर से एक बयान जारी किया गया। इसमें कहा गया है कि पार्टी सभी धर्मों का सम्मान करती है। माना जा रहा है कि नुपूर शर्मा के बयान से कई मुस्लिम देशों में काफी नाराजगी थी। वे चाहते थे कि भाजपा उन पर कार्रवाई करे। नुपूर शर्मा के साथ-साथ पार्टी ने नवीन कुमार जिंदल को भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। नवीन कुमार जिंदल, दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख हैं। बता दें कि नुपुर शर्मा ने बीते दिनों एक टीवी डिबेट में कथित तौर पर पैगंबर मोहम्मद का अपमान किया था। इससे मुस्लिम समूहों में भारी आक्रोश और विरोध शुरू हो गया था। विवादास्पद टिप्पणी के बाद बाजारों को बंद करने के आह्वान पर उत्तर प्रदेश के कानपुर में शुक्रवार को दो समूहों के बीच झड़प के बाद 20 पुलिसकर्मियों सहित कम से कम 40 लोग घायल हो गए थे। हिंसा की इस घटना के बाद पुलिस ने 36 लोगों को गिरफ्तार किया है और 1500 के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पैगंबर मोहम्मद पर भाजपा प्रवक्ता नुपुर शर्मा के विवादित बयान के बीच रविवार को पार्टी ने बयान से किनारा कर लिया था। हालांकि, पार्टी ने किसी घटना या टिप्पणी का कोई सीधा जिक्र नहीं किया। भाजपा ने बयान में कहा कि भारत के हजारों वर्षों के इतिहास के दौरान, हर धर्म फला-फूला। भारतीय जनता पार्टी सभी धर्मों का सम्मान करती है। भाजपा किसी भी धर्म के किसी भी धार्मिक व्यक्ति के अपमान की कड़ी निंदा करती है। बीजेपी ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी भी किसी भी विचारधारा के खिलाफ है, जो किसी भी संप्रदाय या धर्म का अपमान या अपमान करती है। भाजपा ऐसे लोगों बढ़ावा नहीं देती है।