डीएम ने किया पानापुर रंजीता पंचायत के योजनाओं का जांच, नल जल योजना में मिली व्यापक गड़बड़ी।
बीपीआरओ व तकनीकी सहायक के वेतन काटने का आदेश, आंगनबाड़ी भवन में बंधा मिला भैंस
मोतिहारी : हरसिद्धि, बिहार सरकार के मुख्य सचिव के आदेश के आलोक में पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक ने बुधवार को हरसिद्धि प्रखंड के पानापुर रंजीता पंचायत की सभी विकास योजनाओं की सघन जांच की। जांच में सर्वाधिक गड़बड़ी नल जल योजना में मिली ।जिस पर संबंधित अधिकारियों से एक सप्ताह के अंदर मरम्मत कराने का आदेश दिया। ग्रामीणों ने वार्ड नंबर 1, 4, 5, 14 ,15 में नल जल योजनाओं से पानी नहीं मिलने की शिकायत की। जिसे सत्य पाते हुए तकनीकी सहायक निशा त्रिपाठी का 15 दिन तथा बीपीआरओ आलोक कुमार का 1 माह का वेतन काटने का आदेश दिया। वार्ड नंबर 6 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र भवन में भैंस बंधी थी और भवन निर्माण के अधूरा होने के कारण डीएम ने निर्माण से जुड़े अधिकारियों पर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया तथा सर्टिफिकेट केस कर राशि वसूलने का आदेश दिया। उत्क्रमित उच्च विद्यालय मुंशी बाजार में कक्षा में बैठकर शिक्षकों द्वारा पढ़ाए जा रहे कार्यों को डीएम ने स्वयं देखा । इस क्रम में उन्होंने विद्यालय में बन रहे भोजन का निरीक्षण किया तथा शौचालय एवं साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया। रसोइयों को 4 माह से वेतन लंबित रहने पर उन्होंने बीडीओ को वेतन भुगतान करने का आदेश दिया। पंचायत स्थित आरटीपीएस में इंटरनेट नहीं रहने पर उन्होंने मुखिया दशरथ सिंह को इंटरनेट लगाने का आदेश दिया। डीएम ने कचरा प्रसंस्करण के लिए निर्माणाधीन भवन का भी निरीक्षण किया तथा शौचालय समन्वयक म. असफाक को विभागीय जानकारी नहीं रहने के कारण स्पष्टीकरण की मांग की। इस क्रम में आंगनबाड़ी , पीडिएस सहित सभी योजनाओं की जांच की गई। इसके बाद डीएम ने एचपीसीएल बॉटलिंग प्लांट का निरीक्षण किया तथा वहां वृक्षारोपण किया ।इस अवसर पर प्लांट मैनेजर अर्जुन सिंह, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी भीम शर्मा, डीपीआरओ गुप्तेश्वर कुमार, ओएसडी तौकीर कीबिरिया, माइनिंग ऑफिसर राहुल कुमार, अरेराज एसडीओ संजीव कुमार, एएसओ जगरनाथ प्रसाद राय, बीडीओ सुनील कुमार ,सीओ चंद्रशेखर तिवारी, सीडीपीओ पूनम कुमारी, थानाध्यक्ष ज्वाला कुमार सिंह, मुखिया दशरथ सिंह ,मार्कंडेय कुशवाहा ,मोहम्मद ताज, नागेंद्र यादव, म.हमीद, प्रधानाध्यापक अनिल कुमार प्रसाद, सहित पंचायत के बहुत लोग उपस्थित थे।