युवक की बेरहमी से हत्या, सीने को चाकुओं से गोदा फिर आंख में मारी गोली
मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित एसएनएस कॉलेज के पास एक युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। युवक की पहचान गांधीनगर रमना वार्ड नंबर 2 के रहने वाले हरिशंकर जायसवाल के 25 वर्षीय पुत्र अमित कुमार जायसवाल के रूप में हुई है। मृतक अमित के शरीर पर कई जगह चाकुओं के निशान हैं। पहले बदमाशों ने उसे चाकुओं से गोदा फिर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। साथ ही उसे गोली भी मारी गई है।
मृतक के सीने पर चाकू के कई निशान हैं। आंखों में गोली मारा गया है और गरदन को धारदार हथियार से रेता गया है। इस वीभत्स हत्याकांड के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। घटना की जानकारी मिलने पर सदर डीएसपी अरुण कुमार गुप्ता समेत स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच में जुट गई है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि बीती रात शराब पीने के दौरान अमित की हत्या की गई है। क्योंकि घटनास्थल से आधा भरा हुआ शराब का बोतल, ग्लास और चप्पल मिला है। घटनास्थल से एक गोली बरामद होने की बात बताई जा रही है।
वहीं, सदर डीएसपी अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि युवक को चाकू से गोदने के अलावा गोली भी मारी गई है। घटना के बारे में परिजन से जानकारी ली जा रही है। उन्होंने बताया कि आस पास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द ही घटना का उद्भेदन कर दिया जाएगा। बताया जाता है कि अमित कुमार जायसवाल बीती शाम घर से निकला था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो उसकी खोजबीन की गई। लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका।