कप्तान संदीप लामिछाने पर दुष्कर्म का आरोप
नेपाल क्रिकेट टीम के कप्तान संदीप लामिछाने पर दुष्कर्म का आरोप लगा है। नेपाल पुलिस ने बताया है कि 17 साल की नाबालिग लड़की ने संदीप लामिछाने पर यह आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संदीप लामिछाने आईपीएल में भी हिस्सा ले चुके हैं। उन्हें आने वाले समय का उभरता सितारा माना जाता है। नेपाल की राजधानी काठमांडू में लड़की की मेडिकल जांच के बाद हुई पुष्टि के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है। संदीप फिलहाल नेपाल टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए केन्या में क्रिकेट खेल रहे हैं।
संदीप एक लेग स्पिनर हैं। 2016 अंडर-19 वर्ल्ड कप में उनका प्रदर्शन शानदार रहा था। तब उस टूर्नामेंट में नेपाल की टीम आठवें स्थान पर रही थी। इसके बाद 2018 में उन्हें आईपीएल का कॉन्ट्रैक्ट मिला। दिल्ली कैपिटल्स ने संदीप को नीलामी में खरीदा था। वह आईपीएल का कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने वाले नेपाल के पहले क्रिकेटर बने थे। दिल्ली ने संदीप को उनके बेस प्राइस 20 लाख रुपये में खरीदा था। ओवरऑल संदीप ने दुनियाभर की लीगों को मिलाकर कुल 136 टी-20 खेले हैं। इसमें उन्होंने 193 विकेट चटकाए हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में संदीप के नाम तीन विकेट और लिस्ट-ए में उनके नाम 115 विकेट हैं।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.