स्कूल के नाइट गार्ड की चाकू गोदकर हत्या, मौत से पहले बताया कातिलों का नाम
मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिला के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बीती रात प्लस टू विद्यालय के नाइट गार्ड की चाकू गोदकर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सिसवा बसंत के रहने वाले अभिनव कुमार यादव के रूप में हुई है। अभिनव, उच्च माध्यमिक विद्यालय सिसवा बसंत में नाइट गार्ड की नौकरी करता था। मृतक के परिवार का अपने पट्टीदारों के साथ तीन बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इससे पहले भी जमीनी विवाद के कारण मृतक के भाई पर भी जानलेवा हमला हुआ था।
घटना के बारे में बताया जाता है कि स्कूल में बारात आयी थी और आर्केस्ट्रा चल रहा था। अभिनव स्कूल के एक रूम में सोया हुआ था। दो बजे रात्रि में उसके पाटीदार रूम में घुसकर उसके साथ मारपीट करते हुए उसे खींच कर पास के बासवारी में ले गए, जहां उसके सीने में चाकू मारकर घायल कर दिया। चाकू लगने के बाद नाइट गार्ड वहां से भागता हुआ अपने घर पहुंचा और घटना की जानकारी परिजनों को दी। अपनी मौत से पहले अभिनव ने हमलावरों के नाम बताए जिसे वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में रिकार्ड कर लिया है। मृतक के पिता रामाकांत प्रसाद यादव ने बताया कि उनका अपना तीन बीघा जमीन ऐसा है, जिसपर उनके पट्टीदार जबरन अपना दावा करते हैं. जिसे लेकर वे लोग हमेशा विवाद करते रहे हैं। पूर्व में उनके एक पुत्र पर जानलेवा हमला भी हुआ था। चाकू लगने के बावजूद अभिनव दौड़ते हुए अपने घर आया और आंगन में गिर गया। उसकी आवाज को सुनकर जब परिजन निकले, तो उसने सारी बात की जानकारी दी। उसके बाद उसने दम तोड़ दिया। मृतक के पिता के अनुसार स्कूल में बारात आई थी और रात दो बजे तक आर्केस्ट्रा चलता रहा। उसी दौरान आधी रात के बाद अभिनव को चाकू मारा गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने बताया कि नाइट गार्ड के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जबकि चार आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। वही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।