मेहसी की लीची को अंतरराष्ट्रीय ब्रांड बनाने के लिए लीचीपुरम उत्सव समिति की पहल सराहनीय : शैलेन्द्र
नीतू कुमारी के लोकगीतों ने लीचीपुरम उत्सव में समां बांधा
मोतिहारी /मेहसी की लीची को अंतरराष्ट्रीय फलक पर पहुंचाने की लीचीपुरम उत्सव के माध्यम से लगातार कोशिशों में एक अध्याय और जुड़ गया। इसी क्रम में शनिवार की देर शाम तीन दिवसीय लीची महोत्सव का आगाज जिले के मेहसी स्थित तिरहुत उच्चतर विद्यालय में आरंभ हुआ। इस 14 वें उत्सव का उद्घाटन मेहसी के प्रखंड विकास पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गायिका नीतू कुमारी नवगीत, मुखिया राकेश पाठक, कौशल सिंह एवं शैलेश कुमार ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मेहसी की लीची को अंतरराष्ट्रीय ब्रांड बनाने के लिए जो पहल लीचीपुरम उत्सव समिति के माध्यम से की जा रही है, वह सराहनीय है। क्योंकि पूर्वी चंपारण जिला आज देश में उत्पादन के मामले में सबसे बड़ा जिला है। इसे ख्याति दिलाने के लिए लीचीपुरम उत्सव समिति कई कार्यक्रम चला रही है। उसमें लीचीपुरम उत्सव काफी महत्वपूर्ण है। बिना किसी सरकारी मदद के 14 वां कार्यक्रम करा लेना, अपने आप में अनूठा है। इसके बाद सांस्कृतिक संध्या में पटना से आई नीतू कुमारी नवगीत ने अपने पारंपरिक भोजपुरी गीतों से ऐसा समां बांधा कि लोग उसमें गोते लगाते दिखे। भोजपुरी संगीत को जीवंतता देने वाली गाने भिखारी ठाकुर से लेकर पारंपरिक शादी गीतों की सजीव प्रस्तुति दी और समां बांधा। बीडीओ शैलेंद्र कुमार सिंह महान गायक मुकेश के गीतों को प्रस्तुत कर सारे लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। चंचल कुमारी ने नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति दी। इसके अलावा अन्य स्कूल की बच्चियों ने काफी सराहनीय नृत्य किया। गायक विवेक कुमार ने सूफियाना अंदाज में शानदार गीतों की प्रस्तुति दी और लोगों को संगीत के सागर में डुबोकर रख दिया। अतिथियों का स्वागत समिति के अध्यक्ष सुधीर कुमार सिन्हा, महासचिव सुदिष्ट नारायण ठाकुर, सचिव चंद्रभूषण कुशवाहा, मनोज कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार, संयुक्त सचिव शंकर कुशवाहा, सफी अहमद खान, कृत नारायण कुशवाहा, जयंत कुमार मोनू, मंजय कुमार चौरसिया, मोहम्मद हुसैन आदि ने संयुक्त रूप से किया। लोग आधी रात से ज्यादा समय तक संगीत का रसास्वादन करते रहे।