24 वर्षीय शादीशुदा महिला की संदिग्ध स्थिति में मौत
ससुराल वालों पर मृतका के पिता ने लगाया हत्या का आरोप
सासाराम। रोहतास जिला के बिक्रमगंज थाना अंतर्गत जमहोरी गाँव में आज सोमवार को एक शादीशुदा महिला की संदिग्ध स्थिति में मौत हुई है। मृत महिला जमहोरी गाँव के रहने वाले सुग्रीव राम की 24 वर्षीय पत्नी रूबी कुमारी है।
मृतिका के पिता नंद जी राम ने बताया कि सोमवार को उनके पास फोन आया कि आपकी बेटी की मृत्यु हो गई है। जिसके बाद अन्य परिजनों सहित बिक्रमगंज के जमहोरी गाँव पहुँचे जहां देखा कि बेटी रूबी कुमारी का शव पड़ा हुआ था और उसके गले पर काले निशान बने हुए थे। जिसके बाद घटना की सूचना बिक्रमगंज थाने को दी। सूचना मिलते ही बिक्रमगंज थाने की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका के पिता नंद जी राम ने ससुराल वालों पर अपनी बेटी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करने के लिए बिक्रमगंज थाने में आवेदन दिया है। वही बिक्रमगंज थाने की पुलिस का कहना है कि मृतका के पिता के द्वारा आवेदन प्राप्त हुआ है मामले की तफ्तीश की जा रही है। मामले की जाँच होने के बाद दोषी होने पर ससुराल वालों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।