जल जीवन हरियाली अभियान अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की डीएम ने की समीक्षा
शिवहर / प्रतिनिधि।समाहरणालय के सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में तथा अपर समाहर्ता शंभू शरण, डीआरडीए के निदेशक शंभू कुमार, जिला वन पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद शिवहर की मौजूदगी में जल जीवन हरियाली अभियान अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई है।
कुआं का जीर्णोद्धार कार्य, कुआं /चापाकल के किनारे सोख्ता का निर्माण, तालाबों का जीर्णोद्धार कार्य ,नए जल स्रोतों, वर्षा जल संचय, वृक्षारोपण, अतिक्रमण मुक्त कराए गए संरचना आदि कार्यों की समीक्षा डीएम ने की है।
डीएम ने 3 दिनों के अंदर सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों को प्रखंड/ पंचायत में सार्वजनिक तालाबों की सूची संबंधित मुखिया से प्रतिहस्ताक्षरित करवाते हुए डीडीसी के माध्यम से डीएम को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
डीएम ने उपस्थित पदाधिकारियों को बताया है कि मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन हरियाली का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण ,वृक्षारोपण को बढ़ावा देना, खेती के लिए जल की आवश्यकता को पूरा करने आदि तथा समग्र रूप से पर्यावरण संतुलन को बनाए रखना है।