शत-प्रतिशत बच्चों और गर्भवती महिलाओं को नियमित टीकाकरण सुनिश्चित करें : जिलाधिकारी
बेतिया: पश्चिम चम्पारण ज़िलाधिकारी कुंदन कुमार ने टीकाकरण में अपेक्षाकृत कम उपलब्धि वाले चिकित्सा पदाधिकारी से कारण पृच्छा, अपेक्षाकृत सुधार नहीं होने पर होगी निलंबन की कार्रवाई का निदेश दिया है। उन्होने कहा कि गर्भवती महिलाएं व बच्चों को नियमित टीकाकरण से शत-प्रतिशत आच्छादित करना सुनिश्चित करें।
टीकाकरण बच्चों और गर्भवती महिलाओं को कई गंभीर बीमारियों से बचाव करता है। टीकाकरण से प्रसव के दौरान जटिलता की संभावना नही के बराबर रहती है। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं और बच्चों को गंभीर बीमारी से बचाव के लिए नियमित टीकाकरण अति आवश्यक है। इससे सुरक्षित, सामान्य प्रसव को बढ़ावा भी मिलता है। बच्चों के उत्कृष्ट शारीरिक विकास भी होता है। 12 प्रकार की बीमारियों से बच्चों का बचाव कर उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता सशक्त करता है। इससे बच्चे अगर भविष्य में किसी बीमारी की चपेट में आते हैं तो शीघ्र स्वस्थ हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण कार्य संजीदगी से करे। टीकाकरण से वंचित सभी बच्चों को अपना बच्चा समझते हुए, उन्हें टीकाअवश्य दिलाएं। उन्होंने कहा कि टीकाकरण कार्य अति आवश्यक है। इस कार्य में लापरवाही, शिथिलता एवं कोताही बरतने वालों के विरुद्ध कार्रवाई निश्चित है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले को सम्मानित भी किया जायेगा। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रयास करें कि नियमित टीकाकरण रैकिंग में पश्चिम चम्पारण जिला बिहार में टॉप थ्री में शामिल हो सके।