वेयर हाउस मक्का लूटकांड का 24 घंटे के अंदर पर्दाफाश : पांच बदमाश गिरफ्तार
पुर्णिया : सदर थाना क्षेत्र के गुलाबबाग पोखरिया रोड में गार्ड को बंधक बनाकर वेयर हाउस से 109 बोरा मक्का लूटकांड का पुलिस की विशेष टीम ने 24 घंटे में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने लूटकांड में शामिल पांच बदमाशों को दबोचते हुए 102 बोरी मक्का भी बरामद कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त ट्रक भी पुलिस ने जब्त कर लिया।गिरोह के मास्टर माइंड ने पूर्व में भी गुलाबबाग में एक गोदाम में लूटकांड काे अंजाम दिया था और उस मामले में काफी दिनों तक जेल में भी रह चुका है। गिरफ्तार बदमाशों में बेगमबाद सिंधिया टोला निवासी बलदेव महलदार का पुत्र अशोक महलदार, परमानंदपुर निवासी रेहसान अली का पुत्र मु. ऐनामुल हक, कनैला निवासी शेख बदरुद्दीन का पुत्र मु. इकबाल उर्फ लुकमान, गुंडा चौक पंचटकिया टोला निवासी स्व. राजू सहनी का पुत्र ननकी साहनी, बसंतपुर बेलवाड़ी निवासी स्व. मु. मुस्लिम का पुत्र मु. मिस्टर उर्फ समर खान शामिल हैं।पुलिस ने इनामुल के घर के बरामदे से 65 बोरा, उसके आंगन से 44 बोरा मक्का बरामद किया है। पुलिस ने दो मोबाइल भी जब्त किए है। बता दें कि विमल कुमार चौधरी के फर्द बयान पर यह प्राथमिकी दर्ज हुई थी। सुनील कुमार जयसवाल के वेयरहाउस उतरी पोखरिया बेगमबाद में यह वारददात हुई थी।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आमिर जावेद ने लूट कांड के सफल उद्भेदन, अभियुक्त की गिरफ्तारी तथा कांड में लूटे गये सामान की बरामदगी के लिए एसडीपीओ एस के सरोज के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया था। इस टीम में सदर थानाध्यक्ष मनोज कुमार, एएसआइ ज्योति लाल रजक, सुभाष चंद्रा, सुनील कुमार, विष्णु भगवान सिंह आदि शामिल थे। छापेमारी टीम द्वारा कांड के उद्भेदन एवं घटना में संलिप्त अपराधियों एवं लूटे गए समानों की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस को यह उपलब्धि हासिल हुई।