जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की बैठक हुई
जहानाबाद। जिलाधिकारी रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, डी.डी.एम नाबार्ड, कार्यपालक अभियंता लघु सिंचाई, उदेरास्थान सिंचाई परियोजना, विद्युत, नलकूप, जिला पशुपालन पदाधिकारी, सहायक निदेशक, उद्यान, उप परियोजना निदेशक, आत्मा तथा अन्य पदाधिकारीगण सम्मिलित हुए। बैठक में योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि रबी फसलों का आच्छादन 93.10% हुआ है। लघु सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता द्वारा बताया गया कि 308 में से 153 नलकूप चालू है।
वर्तमान में जिले में उर्वरकों की कमी नहीं है तथा विभिन्न खुदरा प्रतिष्ठानों के भंडार में 585.135 मैट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है। जिसकी बिक्री निर्धारित मूल्य पर पॉश मशीन के माध्यम से किया जा रहा है। जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि रबी मौसम में उर्वरक की बिक्री में 57 प्रतिष्ठानों की जाँचोपरान्त अनियमितता मिलने पर 02 प्रतिष्ठानों का लाईसेंस रद्द 02 प्रतिष्ठानों का अनुज्ञप्ति निलंबित एवं 09 प्रतिष्ठानों से कारण पृच्छा की कार्रवाई की गई है। निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य पर बिक्री करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जिलाधिकारी द्वारा सभी विभागों से पारदर्शी तरीके से योजनाओं का क्रियान्वयन कराते हुए जिले के कृषकों को लाभान्वित करने हेतु निर्देशित किया गया।