पटना के गांधी घाट पर शुरू होगी गंगा महाआरती, डीएम ने जारी किए निर्देश
पटना: राजधानी पटना के गांधी घाट पर प्रत्येक शनिवार और रविवार को गंगा महाआरती का आयोजन किया जाएगा। महाआरती का समय सूर्यास्त के बाद शुरू होगा और रात 10 बजे तक कार्यक्रम समाप्त कर घाट को खाली कराने का निर्देश दिया गया है। महाआरती के अवसर पर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात व्यवस्था एवं विधि व्यवस्था संधारण के लिए जिला दंडाधिकारी पटना और वरीय पुलिस अधीक्षक ने संयुक्तादेश जारी कर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। दरअसल, गांधी घाट पर गंगा महाआरती के दौरान संबंधित अधिकारियों को जरूरी आवश्यक निर्देश जारी करते हुए पटना जिला प्रशासन ने गंगा घाट पर महाआरती के दौरान कोविड संबंधी प्रावधानों का अनुपालन कराने का निर्देश दिया है। गंगा महाआरती में एक अस्थायी नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। गांधी घाट पर अस्थायी नियंत्रण कक्ष का निर्माण बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड की ओर से कराया जाएगा तथा रोस्टरवार कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। गंगा महाआरती के मौके पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी पुलिस पदाधिकारी एवं यातायात पदाधिकारी को भी कई निर्देश दी गई है। वहीं, गंगा महाआरती के दौरान विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, अग्निशमन व्यवस्था की समेत ड्रॉप गेट की व्यवस्था, सुरक्षा जांच, कोविड प्रोटोकॉल, नियंत्रण कक्ष आदि की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित करने का डीएम और एसएसपी ने निर्देश जारी किया है। इस दौरान लोगों को कोविड गाइडलाइंस फॉलो कराने के लिए विशेष व्यवस्था भी की जाएगी।