खिजरसराय के अकौनी में छेड़खानी की शिकायत करने गई एक ही घर की दो महिलाओं की हत्या
खिजरसराय के अकौनी से शनिवार को बेहद ही दर्दनाक खबर आई। छेड़खानी का विरोध दर्ज कराने पहुंची दो महिलाओं की चाकू गोदकर कर हत्या कर दी गई। दोनों महिला आपस में गोतनी थी। उमा देवी स्थानीय आंगनबाड़ी में सेविका पद पर कार्यरत थी। घटना शनिवार तड़के सुबह की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों से जो जानकारी हमें मिली है। उसके अनुसार मृतक सुशीला देवी 45 वर्ष व उमा देवी 35 वर्ष दोनों सगी गोतनी हैं। सुशीला की एक दिव्यांग बेटी है। जिसकी देख रेख के लिए वह अपने एक रिश्तेदार की लड़की को रखती थी। शुक्रवार की शाम वह लड़की शौच के लिए बाहर गई थी। जहां पहले से ही मौजूद गांव के युवक मुकेश पासवान ने उसके साथ छेड़खानी की थी। लड़की ने इसकी शिकायत घर आकर अपने रिश्तेदारों से की। सुशीला देवी, उमा देवी व अन्य लोग इसकी शिकायत युवक के घर वालो से करने पहुंचे थे। दोनों पक्षों के बीच पहले तो जोरदार बहस हुई। जिसपर पीड़ित पक्ष की ओर से इस मामले की शिकायत पुलिस से करने की बात कही गई। जिसपर आरोपी पक्ष के लोग उग्र हो गए। आरोपी युवक मुकेश पासवान उसके भाई राकेश पासवान व अन्य लोगों ने पीड़ित पक्ष पर हमला कर दिया। मुकेश ने चाकू से सुशीला व उमा देवी पर कई प्रहार किया। घटना के बाद आरोपी पक्ष के लोग फरार हो गए। स्थानीय लोग दोनों महिलाओं को चिकित्सा के लिए गया ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई। इस घटना में गांव का एक अन्य लड़का भी घायल हुआ है।
पुलिस इस मामले के आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सूचना के बाद पुलिस जब मौके पर पहुंची। तब आरोपी फरार हो गए थे। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने पत्रकारों से बताया कि हम आरोपियों तक जल्द पहुंच जाएंगे। आरोपी पक्ष के घर के सभी लोग फरार हो चुके हैं। एसएसपी हरप्रीत कौर ने पत्रकारों को बताया है कि इस मामले के आरोपियों की गिरफ्तारी व जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है ।