पटना में जेडीयू के प्रदेश सचिव की गोली मारकर हत्या, घर पर चढ़कर अपराधियों ने भून डाला
पटना: बिहार की राजधानी पटना में बेखौफ अपराधियों ने एक और बड़ी घटना को अंजाम दिया है. सोमवार को देर रात करीब साढ़े नौ बजे दानापुर नगर परिषद के उपाध्यक्ष सह जदयू के प्रदेश सचिव दीपक कुमार मेहता की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। यह घटना दानापुर थानांतर्गत नासरीगंज मिथिला कॉलोनी मोड़ के समीप स्थित दीपक के घर के मेन गेट पर हुई। इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने जमकर बवाल काटा। नासरीगंज पुलिस चौकी में तोड़फोड़ भी की गयी। आक्रोशित लोगों ने दानापुर-गांधी मैदान मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इस घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को भी आक्रोशित लोगों ने खदेड़ दिया। स्थिति बिगड़ते देख इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी। दीपक कुमार मेहता की हत्या के चलते देर रात इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस सभी एंगल से इस मामले की जांच में जुट गयी है। पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह घटना जमीन संबंधी विवाद, चुनावी रंजिश या अन्य किसी कारण से घटी है। हत्या की इस वारदात के बाद पुलिस सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाल रही है। बताया जाता है कि रात करीब साढ़े नौ बजे दीपक खाना खाकर अपने आवास के कैंपस में टहल रहे थे। तभी एक हाईवा से बालू आया। इसके लिए उन्होंने गेट खुलवाया। हाईवा के अंदर जाने के दौरान ही दो बाइकों पर सवार चार-पांच अपराधी आ धमके। दीपक जब तक कुछ समझ पाते, एक अपराधी ने उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली दीपक के सिर और सीने में लगी जिससे वे वहीं पर गिर पड़े।
‘बहुत ही दुखद घटना है। इस घटना की हम निंदा करते हैं। जो कोई भी इसके लिए दोषी है, निश्चित रूप से वह छुटेगा नहीं, बचेगा नहीं। इसके लिए जो भी करना पड़ेगा, किया जायेगा। ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए’।- उपेंद्र कुशवाहा, जदयू नेता।
‘अभी तीन शूटर्स आईडेंटिफाई हुए हैं। जांच चल रही है। प्राथमिक तौर पर कुछ सुराग मिले हैं। जांच में पुलिस के साथ एफएसएल टीम की सहायता ली जा रही है। कुछ सबूत हाथ लगे हैं’।- अभिनव धीमन, एएसपी।