मुंबई से बिहार आ रही पवन एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त, एक यात्री की मौत.. कई घायल
नासिक/पटना: महाराष्ट्र के नासिक में, मुंबई से बिहार के बीच चलने वाली पवन एक्सप्रेस पटरी से उतर गई। जानकारी के अनुसार नासिक से 20 किलोमीटर दूर लाहवित और देवलाली के बीच 11061 एलटीटी जयनगर एक्सप्रेस के कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौत की सूचना है, जबकि कुछ लोग घायल हैं। हादसा दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुआ है। घटना के बाद मध्य रेलवे ने मौके पर दुर्घटना राहत ट्रेन और मेडिकल वैन को भेजा है। साथ ही तहसीलदार, रेलवे पुलिस का दस्ता, ब्रेकडाउन दस्ता मौके पर पहुंच गया है। हादसे के बाद इस मार्ग पर रेल यातायात बाधित हो गया है और अन्य ट्रेनों को दूसरे मार्ग पर डायवर्ट कर दिया गया है। यह ट्रेन लोकमान्य तिलक टर्मिनस से जयनगर (दरभंगा) जाती है। सबसे अधिक नुकसान ए1 और बी2 बोगी को हुआ है। बताया जा रहा है कि हादसे वाली जगह पहाड़ी पर मोड़ है, जहां पहिया पटरी से उतर गया। इस दुर्घटना के बाद रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिए हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस स्टेशन के लिए हेल्पलाइन नंबर 022-67455993, रेलवे 55993 और एमटीएनएल 022-22694040 जारी किए गए हैं।